हरियाणा के फतेहाबाद में बने फर्जी पासपोर्ट मामले में पुलिस की जांच का दायरा अब चार राज्यों तक बढ़ गया है। गुरुवार को तीन दिन के रिमांड पर लिए गए आरोपी मनीष और तिलक ने पुलिस पूछताछ में बड़े खुलासे किए हैं। अब सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि आतंकी हैंडलर रवि उर्फ नोनू और हरमनप्रीत का असली राजदार फतेहाबाद जिले के गांव अहरवां का मनदीप है। हरियाणा से लेकर जम्मू-कश्मीर और पंजाब से लेकर चंडीगढ़ तक इस राजदार मनदीप की पुलिस ने तलाश तेज कर दी है।
गौरतलब है कि जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी हैंडलर रवि उर्फ नोनू का गांव अहरवां के पते पर फर्जी पासपोर्ट बना। उसके साथ हरमनप्रीत नाम से भी फर्जी पासपोर्ट बनने की बात पुलिस जांच में सामने आई। रतिया के मनीष ने एक दिन के पुलिस रिमांड में चंडीगढ़ के तिलक के बारे में खुलासा किया।
इसके बाद पुलिस ने तिलक को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मनीष ने फर्जी पासपोर्ट के लिए आवेदकों के आधार कार्ड और उसमें जानकारियां बदलीं। चंडीगढ़ के तिलक ने 10वीं का फर्जी सर्टिफिकेट बनाया।
प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़ा है मनदीप
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गांव अहरवां निवासी मनदीप प्रॉपर्टी डीलिंग के काम से जुड़ा हुआ है। पिछले कुछ समय से फर्जी पासपोर्ट बनवाने के लिए गवाह, फर्जी दस्तावेज और दूसरी जरूरी सुविधाओं को उपलब्ध करवाने का काम करता है। हालांकि, आतंकी हैंडलर रवि उर्फ नोनू के साथ किस स्तर तक जुड़ा है, इसका खुलासा तो उसकी गिरफ्तारी के बाद हो पाएगा।
मगर रवि उर्फ नोनू और हरमनप्रीत नाम के व्यक्ति के बारे में अहरवां का मनदीप काफी करीबी जानकारियां रखता है। फिलहाल पुलिस मनदीप की जोरों से तलाश कर रही है। मनदीप ही अहरवां के पते पर बने दोनों फर्जी पासपोर्ट के मामलों का असल राजदार है।
मनदीप की तलाश में पुलिस लगातार मार रही छापे
पुलिस की टीमें इस मनदीप की तलाश में लगातार छापे मार रही है। पंजाब और जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान बार्डर के साथ लगते जिलों में इसकी तलाश चल रही है। इसके अलावा हरियाणा में किसी गुप्त ठिकाने या चंडीगढ़ में अपने किसी करीबी के यहां होने की भी आशंका पुलिस को है। वहां भी संदिग्ध जगहों पर पुलिस मनदीप की तलाश कर रही है।
अहरवां के व्यक्ति की तलाश कर रहे हैं : एसपी
आतंकी हैंडलर सहित अहरवां के पते पर बने दोनों फर्जी पासपोर्ट के लिए सभी तरह की व्यवस्था करने में अहरवां के मनदीप नाम के व्यक्ति की मुख्य भूमिका सामने आई है। मनदीप की पंजाब में पाकिस्तान बार्डर एरिया के जिलों में तलाश चल रही है। इसके अलावा उन सभी जगहों को भी पुलिस चेक कर रही है, जहां मनदीप के होने की संभावना है। - सुरिंद्र भोरिया, एसपी, फतेहाबाद