फतेहाबाद के गांव झलनियां के पास की घटना है। परिवार बेटी को प्रसव कराने ले जा रहा था। हादसे में महिला घायल हो गई। जाखल से गर्भवती को रेफर किया गया था, परिजन पीछे गाड़ी में थे।
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के गांव झलनिया के पास गुरुवार सुबह तकरीबन पांच बजे दर्दनाक हादसा हो गया। ट्राला ने एक कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार अधेड़ की मौत हो गई और महिला घायल हो गई। घायल को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे हिसार रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दंपती जाखल से रेफर की गई बेटी का प्रसव कराने उसकी एंबुलेंस के पीछे जा रहे थे। मामले में नरेंद्र के भाई राजेंद्र की तहरीर पर ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
गांव दीवाना नरेंद्र (50) की बेटी अंजलि की शादी गांव शक्करपुरा निवासी संदीप से हुई है। प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार को संदीप अंजलि को जाखल स्थित अस्पताल ले गया, जहां से उसे फतेहाबाद रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस में गर्भवती अंजलि और पति संदीप सवार हो गए। कार में सवार होकर नरेंद्र अपनी पत्नी संतोष, भाई राजेंद्र और भाभी के साथ एंबुलेंस के पीछे फतेहबाद की ओर रवाना हुए।
गांव झलनिया के पास नरेंद्र कार में तेल डलवाने के लिए पेट्रोल पंप पर रुक गए। तेल डलवाने के बाद पंप से निकलते ही सामने से आ ट्रॉला ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार में आगे बैठे नरेंद्र और उनकी पत्नी संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार राजेंद्र और उसकी पत्नी भी मामूली रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
राजेंद्र और उसकी पत्नी ने किसी प्रकार मौके से गुजर रहे कैंटर को रोका और चालक की मदद से परिजनों को फोन पर सूचना दी। परिजन एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं संतोष को गंभीर हालत में हिसार रेफर कर दिया गया।