हरियाणा के फतेहाबाद शहर की चार मरला कॉलोनी में एक चौबारे पर पुलिस ने दबिश देकर 14 आरोपियों को अवैध हथियारों, कारतूस व 2.80 लाख रुपये की नकदी के साथ पकड़ा है। पकड़े गए आरोपी संगठित अपराध को अंजाम देने और लूटपाट की योजना बना रहे थे। पकड़े गए कई आरोपियों पर हत्या, हत्या प्रयास, लूटपाट समेत कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में मुख्य रूप से विक्रम बैजलपुरिया और फतेहाबाद के अशोक नगर निवासी चंद्र सागर उर्फ घरौंडा भी शामिल है। जो कि कई वारदातों में शामिल रह चुके हैं। जानकार का चौबारा किराए पर लेकर ठिकाना बना रखा था। खुफिया विभाग पिछले कई दिनों से यहां होने वाली मूवमेंट पर नजर रखे हुए था और सोमवार शाम को दबिश दी गई थी।
पकड़े गए 14 आरोपियों की पहचान चन्द्र सागर उर्फ घरौंडा निवासी अशोक नगर फतेहाबाद, विक्रम उर्फ पहलवान निवासी बैजलपूर, विकास निवासी बैजलपुर, मुकेश उर्फ धन्नु निवासी अशोक नगर फतेहाबाद, मोनू उर्फ मोनी निवासी बैजलपूर, रमन उर्फ कान्ति निवासी सिरढान, सोनू उर्फ गुरदीप निवासी बीघड, पारसिक उर्फ मोनू निवासी बैजलपूर, सुरेन्द्र निवासी हरनाम कॉलोनी फतेहाबाद, दीपक उर्फ दीपू निवासी बीघड रोड रतिया कॉलोनी फतेहाबाद, संयम उर्फ सेमी निवासी जगजीवन पुरा फतेहाबाद, अमन निवासी बीघङ रोड काठ मंडी फतेहाबाद, अजय निवासी अशोक नगर फतेहाबाद व सौरम पुत्र कैलाश निवासी सुन्दर नगर फतेहाबाद के रुप मे हुई है। पकड़े गए 14 आरोपियों के खिलाफ थाना शहर फतेहाबाद मे विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीएसपी जगदीश काजला ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर पुलिस टीम को सूचना मिली कि चार मरला कॉलोनी (बाजार) में स्टार लाईट रेस्टॉरेन्ट के सामने चौबारे पर करीब 15 व्यक्ति हथियारों समेत बैठे हुए हैं, जो डकैती करने की तैयारी कर रहे हैं तथा सभी संगठित होकर किसी बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
टीम ने सूचना स्थल की सुरक्षा के तहत घेराबंदी करके चार मरला कॉलोनी में बनी दुकान का गेट को खोलकर दुकान में दाखिल हुए तो 14 आरोपियों को काबू किया गया। उनके कब्जे से एक पिस्तौल 32 बोर, एक पिस्तौल 30 बोर तथा एक बन्दूक 12 बोर समेत 44 कारतूस बरामद हुए। आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।