पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर में सस्ती जमीन दिलवाने का लालच देकर फतेहाबाद के जगजीवन पुरा निवासी मुरारी लाल ट्रांसपोर्टर एवं प्रॉपर्टी डीलर को 66 लाख रुपये की चपत लगाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फर्जी कागज तैयार करवा फर्जी व्यक्ति खड़ा कर उसे चपत लगाई। जब कागजात की जांच करवाई गई तो मामले की पोल खुली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी करने और जान से मारने की धमकी के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
जगजीवन पुरा निवासी मुरारी लाल ने बताया कि पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर के गांव उड़नवाल निवासी मुकेश कुमार शर्मा उसके पास आया। उसने कहा कि वह पंजाब में सस्ती जमीन दिलवा देगा जो साथ-साथ मुनाफा देगी। जमीन का सौदा प्रॉपर्टी डीलर गुरविंद्र कुमार करवाएगा जो उसी गांव का निवासी है। गुरविंद्र ने उन्हें बताया कि प्रवीन कुमार निवासी शहीद भगत सिंह नगर की 100 एकड़ जमीन है जो बिकाऊ है। मुरारी ने बताया कि जमीन का सौदा 3 करोड़ 30 लाख रुपये में तय हो गया। गुरविंद्र ने कहा कि जमीन का ब्याना करवाना पड़ेगा, जिसके लिए 66 लाख रुपये देने होंगे।
मुरारी ने ब्याने के लिए उसने 30 लाख रुपये मुकेश शर्मा और 36 लाख रुपये गुरविंद्र को दे दिए। जब कागजों की जांच की गई तो पाया गया कि प्रवीन कुमार जमीन का मालिक ही नहीं है। प्रवीन कुमार के नाम 100 एकड़ तो दूर, एक एकड़ जमीन भी नाम नहीं है। पुलिस ने इस मामले में गुरविंद्र कुमार और प्रवीन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।