गांव उदयपुर में पशु चोर गिरोह की तलाश करनाल की एसआईटी करेगी। भैंस चोरों के खिलाफ दर्ज किए गए मामले में अब तक की हुई जांच में सामने आया है कि चोर गिरोह से ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया कैंटर भी करनाल से चोरी किया गया था। इस मामले में करनाल निवासी ने कैंटर चोरी का मामला दर्ज कराया हुआ है। मामले की जांच को लेकर टीम जाखल पहुंची व उन्होंने कैंटर के तमाम डंप हासिल किए।
बता दें कि गांव उदयपुर में एक सप्ताह पहले 19 मई को ग्रामीणों ने पशु चोर गिरोह को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों के इस प्रयास को भांपते ही कैंटर सवार पशु चोर गिरोह कैंटर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। जिसे जाखल पुलिस ने कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि उक्त कैंटर का जहां नंबर बदल कर उसे चोरी किया गया था, वहीं अब उसे पशु चोरी करने में इस्तेमाल किया जा रहा था। जांच में पाया गया कि उक्त कैंटर करनाल निवासी शिवकुमार पुत्र नवीन सिंगला का था। जिसे गत 5 मार्च 2017 को चोरी किया गया था। वहीं शिवकुमार ने कैंटर चोरी का मामला करनाल पुलिस में दर्ज भी कराया हुआ है। कैंटर चोरी होने के मामले की जांच पहले ही करनाल में एसआईटी जांच कर रही है।
मामले में जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने कहा कि उदयपुर में मिला कैंटर करनाल से चोरी हुआ था। करनाल की एसआईटी इस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। टीम ने कैंटर के डंप लिए हैं। तीन महीनों से एसआईटी इस कैंटर की तलाश कर रही है।