लेनदेन के एक मामले में करंडी निवासी एक व्यक्ति द्वारा उधार लिए 10 लाख रुपये नहीं लौटाने पर पीड़ित एक व्यक्ति सोहन सिंह निवासी कुलां ने मंगलवार को टोहाना रोड बाईपास के पास संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया। जहरीला पदार्थ निगलने के बाद सोहन सिंह ने खुद ही अपने ससुरालीजनों को फोन कर सूचित किया। सूचना पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक पीड़ित व्यक्ति बयान देने की हालत में नहीं था।
गांव कुलां निवासी सोहन सिंह के ससुर ने पुलिस को बताया कि उसके दामाद सोहन सिंह ने करंडी निवासी एक व्यक्ति से करीबन 10 लाख रुपये लेने थे। इसके बारे में कई बार पंचायतें भी हो चुकी हैं, लेकिन पंचायतें होने के बाद भी उक्त व्यक्ति उसके दामाद के पैसे नही लौटा रहा था जिसके बाद उनका दामाद काफी परेशान रहता था। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उसका दामाद सोहन का उन्हें फोन आया कि वह कुलां से दादूपुर स्थित अपनी ससुराल आ रहा है। लेकिन बाद में उसने फोन किया कि बाईपास के पास उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। सूचना मिलते ही सोहन के ससुरालीजन मौके पर पहुंचे और उसे रतिया के अस्पताल में दाखिल करवाया।