शहर की एक कॉलोनी में घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म कर विडियो बनाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी ने किसी को बताने पर युवती का विड़ियो व्हाट्सअप पर डालने की धमकी भी दी है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर लिया।
शहर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार को वह अन्य परिजनों के साथ किसी काम से बाहर गई हुई थी। इस दौरान उसकी बेटी घर में अकेली थी। उसकी बेटी को घर पर अकेला देख आजाद नगर निवासी एक युवक उनके घर में घुस गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी युवक ने उसकी बेटी से दुष्कर्म किया। यहीं नहीं आरोपी ने अपने मोबाइल से उसकी बेटी की अश्लील वीडियो भी बना ली। उसकी बेटी ने जब शोर मचाया तो आरोपी ने उसकी वीडियो व्हाट्सअप पर डाल वायरल करने की धमकी दी। धमकी देकर आरोपी वहां से चला गया। शाम को जब वे घर पहुंची तो उसकी बेटी ने आपबीती उन्हें सुनाई। वे तुरंत उसे महिला थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी शिवम खुराना के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला थाना एसएचओ कुलबीर कौर का कहना है कि आरोपी युवक पर केस दर्जकर लिया है।