हरियाणा के फतेहाबाद शहर के सतीश कॉलोनी में अपेक्स स्कूल के पास शनिवार शाम को काठमंडी निवासी बलराज उर्फ गोली पर फायरिंग की गई थी। फायरिंग के बाद गंभीर रूप से घायल बलराज ने हिसार के निजी अस्पताल में रविवार सुबह दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों गांव खानमोहम्मद निवासी प्रवीन, स्वामी नगर निवासी रवि और गांव रामसरा निवासी लवकुश को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों पर हत्या से पहले रेकी करने का आरोप है।
पुलिस ने आरोपी प्रवीन और रवि को कोर्ट में पेश करके चार दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से मुख्य आरोपियों के बारे में पूछताछ करेगी। इसके अलावा आरोपी लवकुश को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता गांव बहबलपुर निवासी बलराज उर्फ बल्ली है। इसके कहने पर आरोपी प्रवीन, रवि और लवकुश ने रेकी की थी। बलराज उर्फ गोली जब स्वामी नगर से क्रेटा गाड़ी से अपने घर की तरफ जा रहा था तो पकड़े गए आरोपियों ने रेकी करके शूटरों को जानकारी दी थी।
इसके बाद मोटरसाइकिल पर आए युवकों ने फायरिंग करके वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक रिमांड के दौरान आरोपियों से मुख्य आरोपियों के बारे में पता लगाया जाना है और मोबाइल फोन बरामद करने है।
नशे को लेकर पुरानी रंजिश में करवाई वारदात
पुलिस के मुताबिक बलराज उर्फ गोली हत्याकांड का मुख्य आरोपी बलराज उर्फ बल्लू है। पुरानी रंजिश में आरोपी बल्लू ने बलराज उर्फ गोली पर फायरिंग करवाई गई। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी नशे को लेकर अपना वर्चस्व कायम करना चाहता था। बताया जा रहा है कि बलराज उर्फ गोली पर करीब 40 मामले दर्ज है और इसमें कई मामलों में बरी हो चुका है और 21 मामले फिलहाल चल रहे थे। करीब 15 दिन पहले ही बलराज उर्फ गोली जेल से बाहर आया था।
पांच टीमों को किया गया गठन
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने पांच टीमों का गठन किया। जिसमें शहर पुलिस, सीआईए, एंटी नारकोटिक्स, एवीटी स्टाफ टीम शामिल रही। बता दें कि शुक्रवार शाम को क्रेटा गाड़ी में स्वामी नगर से आ रहे काठमंडी निवासी बलराज उर्फ गोली पर फायरिंग की गई थी। गाड़ी में इस दौरान उसके साथ पत्नी पूजा भी सवार थी, जो कि बाल-बाल बच गई थी। मामले में शहर पुलिस ने पूजा की शिकायत पर आरोपी बनसुधार निवासी संजय और खेमाखाती चौक निवासी विकास उर्फ गोलू के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
जल्द मुख्य आरोपियों को भी किया जाएगा काबू : डीएसपी
बलराज उर्फ गोली हत्याकांड मामले में रेकी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दो आरोपियों को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया गया है। मुख्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिल गई है और जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
-जयपाल सिंह, डीएसपी मुख्यालय