फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसपी थे गश्त पर, फिर भी महिला चोरों ने शोरूम से उड़ाया लाखों का माल

Fri, 03 Feb 2017 11:57 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहाबाद
विज्ञापन
शोरुम पर जांच करने पहुंचे एएसपी गंगा राम पुनियां कर्मचारी से बात करते हुए । - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
 
विज्ञापन



खुद जिले का पुलिस कप्तान रातभर रतिया में गश्त पर रहा हो, थाने का निरीक्षण किया हो, इसके बावजूद अगर पांच महिलाएं शहर के सबसे व्यस्त बाजार में स्थित सबसे बड़े शोरूम से लगभग 12 से 15 लाख रुपये के कपड़े, 30 हजार की नकदी और जाते-जाते सीसीटीवी का डीवीआर भी गाड़ी में डालकर ले जाएं तो जिले की कानून व्यवस्था का सच में भगवान ही मालिक है। पुलिस की कार्यप्रणाली लगातार संदेह के घेरे में इसलिए भी आती है क्योंकि पिछले दो माह में रतिया में ये आठवीं चोरी है और अधिकतर बार रेडीमेड दुकानों को ही निशाना बनाया गया है।

रतिया मेें चोरों ने पिछले कुछ समय से कहर बरपाया हुआ है और इस बार उनके कहर का सबसे बड़ा निशाना बना है शहर के सबसे व्यस्त पालिका बाजार में स्थित डीपी प्लाजा का शोरूम। पुलिस कप्तान का बयान है कि उन्होंने गश्त को चुस्त करने के लिए खुद वीरवार रात को रतिया थाने का औचक निरीक्षण किया। अब अगर ये स्थिति है तो सवाल सिर्फ रतिया पुलिस ही क्यों, सवाल तो जिले के पुलिस कप्तान पर भी उठेंगे। बहरहाल इतनी बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही एएसपी गंगाराम पूनियां, एसएचओ जगदीश चंद्र एवं अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन



पेशेवर अपराधियों के गिरोह होने का अनुमान
डीपी प्लाजा के साथ लगते सीसीटीवी में जो फुटेज नजर आ रही है, उसके अनुसार लगभग बीती वीरवार की रात डेढ़ से दो बजे के बीच चार से पांच महिलाएं एक गाड़ी से आती हैं और दुकान का पिछला शटर तोड़ती हैं। जिस सफाई से महिलाओं ने दुकान के शटर को तोड़ा है, उससे साफ तौर पर जाहिर है कि ये गिरोह पेशेवर अपराधियों का है जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं। इसके बाद महिलाओं ने शोरूम के अंदर रैक पर रखे गए सबसे महंगे कपड़ों पर ही हाथ साफ किया। सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर दिख रहा है कि महिलाएं महंगे कपड़ों को गठरी में बांधकर बाहर ले जा रही हैं और बाहर खड़ी किसी गाड़ी में कपड़ा डाल रही हैं।


शुक्रवार सुबह दुकान के कारिंदों ने दी सूचना मालिक को सूचना
शोरूम मालिक गौरव ने बताया कि वो किसी काम से शहर से बाहर था। शुक्रवार सुबह दुकान के कारिंदों ने ही शोरूम में चोरी के बारे में सूचित किया। जब वो परिजनों के साथ शोरूम में पहुंचा तो देखा कि कपड़ों के रैक से सभी महंगे कपड़े गायब हैं। इनकी कीमत लगभग 12 से 15 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा शोरूम के गल्ले में रखी 30 हजार की नकदी एवं सीसीटीवी की डीवीआर भी गायब बताई जा रही है।


रतिया थाने में नहीं एक भी पीसीआर, कैसे होगी गश्त
रतिया शहर में पुलिस के पास एक भी पीसीआर नहीं है। ऐसे में रात के समय भी पुलिस को गश्त करने के लिए या तो पैदल जाना पड़ता है या फिर बाइक पर। पीसीआर नहीं होने से पिछले लंबे समय से रतिया शहर में पुलिस सही तरह से गश्त तक नहीं कर पा रही। इससे पहले 23 जनवरी को शहर के बस स्टैंड के पास गली में एक युवक की लाश मिलने के मामले में भी पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा सकी है।
विज्ञापन



क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
कार्यवाहक थानाध्यक्ष जगदीश कुमार ने माना कि रतिया में पीसीआर नहीं है। हालांकि वह गश्त में लापरवाही की बात से इनकार करते हैं। उन्होंने बताया कि रात को वह स्वयं पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे और जिला पुलिस कप्तान ओपी नरवाल ने स्वयं भी चेकिंग की थी, लेकिन चोरी के मामले में जांच जारी है, पुलिस जल्द ही मामले को सुलझा लेगी ।  

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें