हेरोइन तस्करी मामले में दो दिन के रिमांड पर लिए गए नाइजीरियन आरोपी एरिक उर्फ डीजे से पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। दिल्ली स्थित आरोपी के ठिकाने पर पुलिस ने अलग-अलग कंपनियों के 41 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस बरामद हुए इन सभी सिमकार्ड की सीडीआर (कॉल डिटेल रिकार्ड) खंगालने में जुट गई है। इतना ही नहीं, पुलिस को फतेहाबाद के भी कुछ स्मगलरों से नाइजीरियन स्मगलर के संबंधों के सुराग मिलने की सूचना है। फतेहाबाद के एएसपी गंगाराम पूनियां ने इसकी पुष्टि की है।
एएसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि कॉल डिटेल के रिकार्ड के आधार पर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिल सकती है। इतना ही नहीं, पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी के एक और नाइजीरियन साथी के बारे में भी पुलिस को पता चला है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। पुलिस को पता चला है कि जिस दूसरे नाइजीरियन के आरोपी के बारे में पता चला है कि उसी से पकड़ा गया आरोपी एरिक हेरोइन की सप्लाई लेता था। नाइजीरियन शख्स की गिरफ्तारी से यह पूरी संभावना है कि फतेहाबाद पुलिस केवल फतेहाबाद ही नहीं, हरियाणा, दिल्ली और आसपास के अन्य राज्यों में हेरोइन तस्करी के बड़े रैकेट को उजागर कर सकती है।
दूसरी ओर दो दिन की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस ने आरोपी नाइजीरियन एरिक को शुक्रवार को दोबारा कोर्ट में पेश किया और रिमांड बढ़ाने की अपील। पुलिस के आग्रह पर कोर्ट ने आरोपी एरिक की रिमांड अवधि चार दिन तक बढ़ा दी है। गौरतलब है कि फतेहाबाद पुलिस ने हेरोइन तस्करी के मामले में गिरफ्तार किए गए दो हेरोइन तस्करी के आरोपी और चार पुलिसकर्मियों द्वारा एक लाख रुपये लेकर आरोपियों को छोड़ने की डील करने के मामले का भंडाफोड़ किया था। इस केस की जांच में पुलिस अब दिल्ली तक जा पहुंची है। दिल्ली से उक्त आरोपियों के नाइजीरियन से कनेक्शन मिलने के बाद पुलिस अब दिल्ली में लगातार कई जगहों पर छापेमारी करने में जुटी है और उम्मीद है कि पुलिस हेरोइन तस्करी के बड़े रैकेट का भी खुलासा कर सकती है।