जाखल के बृजलाल जिंदल डीएवी और केएम सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वाहनों की जांच में कमियां पाई जाने पर दोनों ही स्कूलों के दो-दो वाहनों के चालान काट दिया गया। यह कार्रवाई बुधवार को जाखल पहुंची हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग सदस्य रमनदीप कौर चहल की टीम ने की। टीम में ट्रैफिक पुलिस जिला फतेहाबाद, आरटीओ विभाग फतेहाबाद व बाल संरक्षण विभाग फतेहाबाद की टीम में शामिल दर्जन भर अधिकारियों ने जाखल के दो निजी स्कूलों में जांच की। कार्रवाई के दौरान मामूली कमियां पाई जाने पर स्कूल प्रशासन से जल्द ही इन कमियों को दूर करने का लिखित जवाब लिया गया। टीम की इस कार्रवाई से स्कूल संचालकों में हड़कंप का माहौल देखा गया।
हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग सदस्य रमनदीप कौर के नेतृत्व में जिला बाल सरंक्षण अधिकारी कुलदीप कौर, सुरजीत बाजिया, एसएचओ ट्रैफिक रिछपाल, एएसआई हेत राम, टीएसआई सुरेंद्र, एमवीआई अनुज गिल, शिक्षा के खेल विभाग अधिकारी मांगे राम, मुकेश कुमार, अशोक व राजिंदर सोनी की टीम बृजलाल जिंदल डीएवी स्कूल व केएम सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंची।
टीम ने सभी बसों में जीपीआरएस सिस्टम, सीटों की संख्या, रूट परमिट, चालक परिचालकों की ड्रेस व उनके लाइसेंस सहित बसों की कंडीशन की जांच की। टीम ने ज्यादा कमियां पाए जाने वाले वाहनों पर कार्रवाई कर उनके चालान काटे दिए वहीं अन्य मिली कमियों को लेकर स्कूल प्रशासन से जल्द उक्त कमियों को दूर करने बारे लिखित जवाब लिया। टीम प्रभारी रमनदीप कौर ने कहा कि कुछ दिनों बाद फिर से स्कूलों में जांच की जाएगी। यदि इस दौरान भी कमियां मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं टीम के आगमन का पता चलते ही खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार, प्राचार्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल हुकमचंद शर्मा, प्रवक्ता बलराज सिंह इत्यादि भी मौके पर पहुंचे।