बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना
नगर के मोहल्ला मुन्नूगंज में चोरों ने मकान का ताला तोड़कर नकदी समेत लाखों का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में दे दी है।
मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी मोहम्मद इरफान के मकान का 14/15की रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी कर ली। इरफान ने बताया कि 14 मार्च की सुबह वह मकान पर ताला डालकर अपनी ससुराल ओयल बच्चों को लेने गया था। 15 मार्च की दोपहर दो बजे जब वह घर आया तो मकान का मेन दरवाजे का ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा तो नीचे की मंजिल के दो कमरे और ऊपर के एक कमरे का ताला टूटा था। सेफ, दीवान बेड का सामान बिखरा पड़ा था। जिसे देख वह दंग रह गया। सेफ में रखे 50 हजार नकद, जिन्हें वह बैंक से निकालकर किसी काम के लिए लाया था। एक जोड़ी सोने का मंगलसूत्र, मांग बेंदी, चार नथ, तीन जोड़ी नाक के फूल, दो जोड़ी कान के झाले, सोने की अंगूठी, 25 चांदी के सिक्के, चांदी की कटोरी, तीन जोड़ी बड़ी पायल, तीन जोड़ी छोटी पायल सहित लाखों का सामान चोरी कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर लिया है। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है।
दुकान का ताला तोड़कर हजारों का सामान उड़ाया
लखीमपुर खीरी। बेखौफ चोरों ने निघासन मुख्य मार्ग पर स्थित एक कारखाने का ताला तोड़ दिया और उसमें रखीं चार वेल्डिंग मशीन समेत करीब एक लाख का सामान चोरी कर ले गए। दुकान स्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
गढ़ी रोड कांशीराम कॉलोनी निवासी हफीज अली ने बताया कि उनकी निघासन रोड पर स्थित लालता क्रेशर के पास आयरन एंड स्टील वर्क्स के नाम से कारखाना है। सोमवार की रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी चार वेल्डिंग मशीन समेत करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। उन्होंने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।