लोधर-काब्रछा रोड पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हादसे की सूचना पाकर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार गांव लोधर निवासी जोरा सिंह, विक्रम और मोहन सिंह वीरवार रात को बाइक पर सवार होकर गांव की तरफ जा रहे थे। जब वह काब्रछा के निकट पहुंचे तो ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी।
इसमें गांव लोधर निवासी जोरा, विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोहन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घायलों को नजदीक के अस्पताल में दाखिल करवाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक जोरा सिंह के भाई जगत की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।