गांव सनियाना के निकट सिद्धमुख नहर में 8 बाइक बरामद हुई है। मंगलवार को उक्त नहर का पानी बंद हुआ तो आसपास के लोगों ने एक साथ कई बाइक नहर में पड़ी देखी। इसके बाद एसएचओ जयभगवान सिंह को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस बीट इंचार्ज दिलबाग सिंह कूंडू और एएसआई रणधीर सिंह मौके पर पहुंचे। नहर से एक के बाद एक सात हीरो होंडा स्पलेंडर, एक प्लेटिना तथा एक बाइक का इंजन बरामद हुआ है। नहर से कुल नौ बाइक खस्ता हालत में पानी के कारण जंग लगे हालत में मिलीं। बीट इंचार्ज ने लोगों की मदद से सभी बाइक को नहर से निकालकर पुलिस स्टेशन में भिजवाया। पुलिस बाइक के नंबर प्लेट, चेचिस एवं इंजन नंबर के माध्यम से जांच कर रही है। उपरोक्त बाइक चोरी की हैं या किसी वारदात में इस्तेमाल किया गया है। इसको लेकर पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।
क्या कहती है पुलिस
पुलिस बीट इंचार्ज दिलबाग सिंह ने बताया कि सिद्ध मुख नहर का पानी बंद होने के कारण सनियाना के पास एक बाइक के इंजन सहित 8 बाइक बरामद हुई हैं। इनका सुराग लगाने के लिए कोशिश की जा रही है। बाइक किसकी है या चोरी की गई है। इसकी जांच कराई जा रही है।