गांव अलीका के शमशान घाट में बिखरा पडा समान ।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शनिवार बाद दोपहर को गांव अलीका के पंचायत प्रतिनिधियों शमशानघाट में एक तांत्रिक को तंत्र विद्या करते हुए काबू कर लिया। हालांकि पंचायत के प्रतिनिधियों द्वारा काबू किए गए तांत्रिक के मामले को पड़ोसी गांव नागपुर की पंचायत के समक्ष रख दिया है, लेकिन पुलिस को अभी मामले की सूचना नहीं दी गई है।
शनिवार दोपहर बाद गांव के कुछ लोगों ने गांव के समीप शमशानघाट से धुआं उठता हुआ देखा तो लोगों में हड़कंप मच गया। धुएं को देखते जब गांव के प्रतिनिधि शमशानघाट पहुंचे तो एक वृद्ध तांत्रिक 2 अन्य युवकों के साथ शराब व मांस आदि के टुकड़ों से तांत्रिक विद्या कर रहा था।
जब लोगों ने उपरोक्त तांत्रिक को शराब व मांस आदि के साथ देखा तो उनमें रोष फैल गया और इसकी जानकारी सरपंच प्रतिनिधियों व अन्य प्रतिनिधियों को भी दे दी। पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से ही उपरोक्त तांत्रिक व विद्या कराने वाले उपरोक्त 2 भाइयों को मौके पर ही काबू कर लिया। सरपंच प्रतिनिधि मदन लाल के अलावा सूरजभान, शाम लाल, प्रताप सिंह और अन्य प्रतिनिधियों ने बताया कि पड़ोस के गांव नागपुर के 2 भाइयों ने उपरोक्त तांत्रिक विद्या को स्वीकार करते हुए बताया कि उनकी माता पिछले काफी समय से बीमार होने के कारण वह पानीपत क्षेत्र के तांत्रिक से इलाज करवा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उपरोक्त तांत्रिक ही उनकी मां के उपचार को लेकर शमशानघाट में हवन करने हेतु लेकर आया था। हालांकि इस दौरान काबू किए गए तांत्रिक के अलावा अन्य 2 भाइयों ने अपनी गलती को पंचायत के प्रतिनिधियों के समक्ष स्वीकार कर लिया था और इसके पश्चात पंचायत प्रतिनिधियों ने इस मामले को पुलिस के समक्ष देने की बजाय गांव नागपुर की पंचायत के प्रतिनिधियों को ही सूचना दे दी थी। समाचार लिखे जाने तक उपरोक्त मामले को लेकर दोनों गांवों की पंचायतों के प्रतिनिधियों की बैठक चल रही थी।