तू चोरी करता है। मैं तेरे साथ नहीं रहना चाहती। खुद लड़की ही पुलिस को मामले की सूचना दे देती है और पुलिस पहुंचती है और लड़की-लड़के को अपने साथ ले जाती है। घटना फतेहाबाद की है।
यूपी से लड़के के साथ भागकर आई लड़की ने लड़के की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस को मामले की सूचना दी और मंगलवार सुबह पहुंची यूपी पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया और दोनों को अपने साथ ले गई। लड़का गुरुनानक पुरा मोहल्ला में अपना नाम बदलकर रह रहा था। आरोपी युवक पहले भी लड़की को भगाकर ले आया था और लड़के के खिलाफ ईटा में कई मामले दर्ज हैं।
जानकारी के मुताबिक, यूपी के ईटा से संजीव नामक युवक यूपी पुलिस में तैनात कांस्टेबल की बेटी को बहला फुसलाकर तीन महीने पहले फतेहाबाद ले आया। गुरुनानकपुरा में वह किराए पर मकान लेकर रहा रहा था। संजीव यहां पर अमित बनकर रहा था। अमित किसी चोरी की प्लानिंग बनाने लगा था।
लड़की को गतिविधियां संदिग्ध लगी और उसने अमित बनकर रह रहे संजीव को चोरी करने से रोका और कहा कि वह ऐसे करेगा तो नहीं रहेगी। आरोप है कि इस दौरान संजीव ने युवती से मारपीट की। मारपीट के बाद पड़ोस में रह रहे सब इंस्पेक्टर के सामने लड़की ने मामले का खुलासा कर दिया।
इसके बाद इसकी सूचना गुरुनानकपुरा चौकी पुलिस को दी गई। इसके बाद यूपी पुलिस को इस मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही लड़की के चाचा यूपी पुलिस के साथ गुरुनानकपुरा चौकी पहुंचे, जहां यूपी पुलिस ने युवती और आरोपी लड़के को कब्जे में ले लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ यूपी में कई मामले भी दर्ज हैं। लड़की को भगाने के मामले में भी यूपी में उसके खिलाफ मामला दर्ज है। इसलिए यूपी पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई है। वहीं आगामी कार्रवाई की जाएगी।
यूपी से एक लड़का, लड़की को भगाकर ले आया था जो लड़की के साथ मारपीट कर रहा था। लड़की ने इस संबंध में पुलिस को बताया। इसके बाद यूपी पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया है और लड़के को अपने साथ ले गई है। लड़की मजिस्ट्रेट के सामने बयान दे चुकी है। रिसाल सिंह, गुरुनानकपुरा चौकी प्रभारी