अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। महिला बाल विवाह निषेध एवं महिला संरक्षण अधिकारी रेखा अग्रवाल के घर हुई लाखों रुपये की नगदी और सोना चांदी की चोरी में रिकवरी हड़पने के मामले पुलिस ने तत्कालीन जांच अधिकारी और वर्तमान में सिरसा के रानिया थाना प्रभारी सहित तीन लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में शनिवार को महिला संरक्षण अधिकारी अपने दो माह के बेटे और पति सहित लघु सचिवालय के समक्ष आमरण अनशन पर बैठ गई थी। बता दें कि मामले में पुलिस ने करीब 6 महीने की जांच के बाद केस दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला बाल विवाह निषेध एवं महिला संरक्षण अधिकारी के घर से 24 दिसंबर की रात को 35 तोले सोना, 50 तोले चांदी व पौने तीन लाख की नगदी चोरी हो गई थी। शहर थाना पुलिस ने महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया था। लेकिन शहर थाना पुलिस द्वारा उक्त मामले को नहीं सुलझा पाने पर पूरा मामला सीआईए को सौंप दिया गया था। पूरे मामले की जांच में सीआईए के तत्कालीन सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने एक आरोपी विक्रम उर्फ टीटू को काबू किया था तथा केवल साढ़े 11 तोले सोना व 200 ग्राम चांदी तथा केवल 500 सौ रुपये की नगदी ही बरामद दिखाई थी।
सीआईए के सब इंस्पेक्टर पर सोना, चांदी व नगदी हड़पने के आरोप लगाते हुए महिला अधिकारी रेखा अग्रवाल ने पूरे मामले की शिकायत डीएसपी को देकर जुलाई 2018 में दी थी। लेकिन शिकायत देने के 6 महीने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर महिला अधिकारी गणतंत्र दिवस को लघु सचिवालय के बाहर परिवार सहित धरने पर बैठ गई थी। महिला अधिकारी के धरने पर बैठने के बाद हरकत में आई पुलिस ने रातोंरात सीआईए सब इंस्पेक्टर के खिलाफ नगदी व सोना हड़पने का केस दर्ज कर दिया। पूरे मामले की जांच शहर थाना प्रभारी रिछपाल साहू को सौंपी गई है।
महिला अधिकारी ने ये लगाए हैं आरोप
पुलिस को दी शिकायत में महिला अधिकारी ने बताया कि आरोपी सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने कुल 35 तोले सोने में से केवल साढ़े 11 तोले सोना की ही तथा पौने तीन लाख रुपये की नगदी में से महज पांच सौ रुपये की नगदी ही रिकवर दिखाई थी। आरोप था कि आरोपी सब इंस्पेक्टर ने दो अज्ञात स्वर्णकारों के साथ मिलकर सोने व चांदी के आभूषणों को बेच दिया था। पूरे मामले की शिकायत महिला अधिकारी रेखा अग्रवाल ने अपने पति मनोहर लाल के साथ मिलकर डीएसपी को जुलाई 2018 में देकर सोना व चांदी की रिकवरी करवाने व सब इंस्पेक्टर पर कार्रवाही की मांग की थी। इसके बाद भी करीब 6 महीने बीत जाने के बाद कोई कार्रवाई नहीं होने पर शनिवार को गणतंत्र दिवस पर लघु सचिवालय के सामने महिला अधिकारी रेखा अग्रवाल आमरण अनशन पर बैठी थी।
वर्तमान में सिरसा के रानियां में थाना प्रभारी है आरोपी
रिकवरी का सामान नगदी हड़पने के आरोपी सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश इन दिनों सिरसा जिले के रानियां थाने में एसएचओ हैं। आरोपी एसएचओ पर सोना व नगदी हड़पने का केस दर्ज किया गया। पूरे मामले में जिला पुलिस कप्तान दीपक सहारण ने बताया कि केस दर्ज किया गया है पूरे मामले की विभागीय जांच की जाएगी अगर जांच में आरोपी दोषी पाया जाता है तो सिरसा पुलिस ही इस मामले में आगामी कार्रवाई करेगी।
वर्जन
शिकायत के आधार पर सब इंस्पेक्टर और दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, पूरे मामले की विभागीय जांच करवाई जा रही है, मामले में यदि आरोपी दोषी पाया जाता है तो सिरसा पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी
- दीपक सहारण, पुलिस कप्तान फतेहाबाद