अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। एमसी कॉलोनी में एक युवक को मारपीट के एक मामले में पुलिस के समक्ष सच्चाई बताना महंगा पड़ गया। शिकायतकर्ता पक्ष के लोगों ने वीरवार को उसके घर में जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच आरंभ कर दी है। पुलिस ने पीड़ित के बयान ले लिए हैं।
एमसी कॉलोनी निवासी कैप्टन ने बताया कि उसके मोहल्ले के एक व्यक्ति केहर सिंह ने किसी व्यक्ति के खिलाफ शहर थाने में मारपीट का आरोप लगाया था। केहर सिंह का आरोप था कि उससे मोहल्ले में मारपीट की गई। जब इस मामले में शहर पुलिस जांच के लिए मोहल्ले में आई तो मैंने सच्चाई बताते हुए पुलिस को बयान दिए थे कि यहां ऐसा कोई झगड़ा नहीं हुआ था। इस बात को लेकर उपरोक्त लोग उससे रंजिश रखने लगे। उसने बताया कि 10 अप्रैल को जब वह अपने घर आ रहा था तो केहर सिंह के बेटे ने उसका रास्ता रोक लिया था और उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में उसने शहर थाने में एक शिकायत भी दी थी। अभी पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर ही रही थी कि वीरवार दोपहर उपरोक्त लोग उसके घर में घुस आए और उनके सामान को इधर-उधर फेंक दिया। उक्त लोगों ने उससे मारपीट की व उसके माता-पिता से गाली-गलौच भी किया। तोड़फोड़ की सूचना पाकर शहर पुलिस मौके पर पहुंच गई व जांच की। पुलिस ने कैप्टन के बयान लेकर जांच आरंभ कर दी है।