अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा(कुरुक्षेत्र)। एक व्यक्ति को विदेश भेजने के नाम पर उससे लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हमीरा फार्म निवासी महेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। इसी के चलते उसकी मुलाकात गांव प्रेमपुरा (सीवन) निवासी सुरेंद्र सिंह से हुई थी। सुरेंद्र सिंह ने उसे 2.75 लाख रुपये में विदेश भेजना तय किया। उसकी बातों में आकर उसने सुरेंद्र सिंह को पासपोर्ट के साथ 2.75 लाख रुपये दे दिए थे। कुछ दिनों के बाद सुरेंद्र सिंह ने बताया कि विदेश जाने के लिए कोलकाता एयरपोर्ट बुला लिया। वहां एयरपोर्ट पर मौजूद कर्मचारियों ने बाहर निकाल दिया। इसकी शिकायत उसने सुरेंद्र सिंह से की। तब सुरेंद्र सिंह ने उसकी टिकट को कैंसल करा कुछ दिनों बाद विदेश भेजने की बात कही। कई दिन इंतजार करने के बाद जब अप्रैल 2016 को उसने सुरेंद्र से अपने रुपये वापस देने की मांग की तो उसने उसे इंकार कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने सुरेंद्र सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।