फतेहाबाद/भूना। भूना खंड के एक गांव में 13 साल की नाबालिग बच्ची को उसी की मां द्वारा बाल विवाह के नाम पर एक ट्रक ड्राइवर को कथित तौर पर बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बच्ची की मां के साथ उसके पुरुष मित्र, उसके भाई, नाना-नानी व भाभी सहित नौ लोगों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को हिसार पुलिस के पास भेज दिया है। मामला तीन-चार दिन पुराना बताया जा रहा है। इस मामले में बच्ची की बुआ को शक होने पर उसने चाइल्ड हेल्पलाइन को कॉल करके सूचित किया। इसके बाद जिला बाल कल्याण समिति चेयरपर्सन अनीता जोड़ा ने मामले की शिकायत महिला थाने को दी। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
जिला कल्याण समिति की वरिष्ठ सदस्य उषा तनेजा ने बताया कि उनके पास चाइल्ड हेल्प लाइन से मामला आया था। पीड़ित बच्ची की बुआ को शक हुआ था क्योंकि बच्ची कई दिनों से घर से गायब थी। जब बच्ची की बुआ ने बार-बार बच्ची की मां से बच्ची के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वह अपने ननिहाल गई है। बुआ ने बताया कि एक शादी में उसे बच्ची के ननिहाल वाले मिल गए तो उन्होंने बताया कि बच्ची तो उनके पास आई नहीं। इसके चलते उसका शक और पुख्ता हो गया और उसने चाइल्ड हेल्पलाइन पर शिकायत कर दी। चाइल्ड हेल्पलाइन से मामला जिला कल्याण समिति के पास आया तो उन्होंने महिला थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी और पुलिस ने बच्ची की मां से पूछताछ की तो पता चला कि मां ने अपने पुरुष मित्र व धर्म भाई व पिता आदि के साथ मिल कर बच्ची को राजस्थान के एक ड्राइवर के साथ हिसार के एक गांव भेज दिया है और दिखावे के नाम पर सिर्फ माला डलवाकर शादी का स्वांग भी रचा है। बाद में गांव के सरपंच के हस्तक्षेप से बच्ची बरामद कर ली गई।
उषा तनेजा ने बताया कि बच्ची को जब बरामद किया तो पहले दिन तो वह सिर्फ रोती रही। अगले दिन उसने उसके साथ हुए दुष्कर्म व जबरन विवाह की पोल खोल दी। जिसके बाद जिला महिला एवं बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन अनीता जोड़ा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया। लेकिन चूंकि बच्ची हिसार के गांव से बरामद हुई है और उसके साथ दुष्कर्म भी आरोपी ने वहीं किया है तो फतेहाबाद महिला थाना पुलिस ने यहां पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को हिसार थाने भेज दिया है।