मृतक क्लर्क की पत्नी बन पेंशन और सरकारी लाभ हड़पने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना। टोहाना में एक महिला द्वारा सरकारी विभाग में सेवानिवृत्त क्लर्क की फर्जी पत्नी बनकर मृत्यु के बाद सरकारी कर्मचारी के आश्रितों को मिलने वाले सभी फायदे हड़पने का मामला सामने आया है। टोहाना पुलिस ने मृतक कर्मचारी के बेटे की शिकायत पर एक महिला, उसके पति व अन्य लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। पुलिस ने यह कार्रवाई अदालत के आदेशों पर की है।
टोहाना अदालत में दायर इस्तगासा में अजय कुमार निवासी नांगला ने बताया कि उसके पिता लखबीर सिंह टोहाना के बीडीपीओ कार्यालय में क्लर्क पद पर कार्यरत थे। उसने बताया कि 14 दिसंबर 2012 को उसकी माता दर्शना देवी का देहांत हो गया। इसके बाद उसके पिता ने दूसरा विवाह नहीं किया था। अजय ने आरोप लगाया कि हिसार के गांव रावतखेड़ा निवासी महिला सुमित्रा देवी पत्नी सत्यवान उनके गांव नांगला में आती-जाती रहती थी। इस दौरान उसकी पहचान उसके पिता से हो गई और महिला ने उसके पिता से संबंध बना लिए। 12 अक्तूबर 2016 को उसके पिता लखबीर सिंह का निधन हो गया। आरोप है कि सुमित्रा देवी ने अपने पति सत्यवान के साथ मिलकर पहले तो अपना आधार कार्ड बनवाया, जिसमें अपना पति उसके पिता लखबीर को दिखा दिया। इसके बाद उसने सरकार की ओर से मृतक कर्मचारी को मिलने वाले सारे लाभ ले लिए। इसके लिए उसने संबंधित विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ भी मिलीभगत की थी। इसके बाद उसने मामले की शिकायत संबंधित विभाग को भी दी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। पुलिस ने भी उसकी बात नहीं मानी। इसके बाद उसने अदालत में इस्तगासा डाल दिया। अदालत ने इस्तगासे की सुनवाई करने केे उपरांत आरोपियों पर टोहाना पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए। अदालत के आदेशों पर टोहाना पुलिस ने सुमित्रा देवी, उसके पति सत्यवान व अन्य लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।