टोहाना। टोहाना अनाज मंडी की एक फर्म के लाखों रुपये की देनदारी छोड़कर फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में गांव कन्हड़ी के एक किसान की शिकायत पर अनाज मंडी की दुकान नंबर 260 की फर्म मैसर्ज ताराचंद-राजेंद्र कुमार
के मालिक अभिषेक उर्फ गुंडू, अनिल कुमार उर्फ पिंटू तथा अनीता देवी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उपरोक्त लोगों ने उसके करीब 33 लाख रुपये का गबन कर लिया। पुलिस को दी शिकायत में रमेश कुमार निवासी गांव कन्हड़ी ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। वह काफी वर्षों से मैसर्ज ताराचंद-राजेंद्र कुमार की दुकान के मालिक अभिषेक उर्फ गुंडू व अनिल कुमार उर्फ पिंटू के पास अपना लेन देन करता था तथा अपनी फसल भी बेचता हूं। दुकान पर उनके परिवार की अनीता और परिवार के अन्य सदस्य भी लेन देन करते थे। इसी कारण उसने अभिषेक व अनिल कुमार के पास 27 लाख रुपये नकद व उसकी दुकान पर 6 लाख 20 हजार रुपये की फसल बेची थी जिसके जे-फार्म भी उसके पास मौजूद हैं। जो पैसे अभी तक अभिषेक व उसके भाई अनिल कुमार ने न तो मेरे खाता मे जमा करवाए और न ही मुझे दिए। अब मुझे पता चला है कि अभिषेक व अनिल कुमार अपने परिवार सहित व अपना सारा सामान उठाकर किसी अज्ञात स्थान पर चले गए हैं। इसी तरह अब मुझे पता चला है कि उपरोक्त आरोपियों ने उसके अलावा अन्य व्यक्तियों के नाम से फर्जी कागजात तैयार करके घपले किए हुए हैं। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।