अमर उजाला ब्यूरो
तरावड़ी (करनाल)। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अदेशानुसार वीरवार को तरावड़ी में जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खानपान की दुकानों की चेकिंग करने के लिए बाजार का दौरा किया। जैसे विभाग की टीम शहर में पहुंची तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। उन्हें देख दुकानदार दुकानें बंद करके चले गए। तरावड़ी में खाद्य विभाग की टीम ने छापे के बाद बाजार में अधिकतर मिठाइयों के साथ-साथ अन्य करियाने की दुकानें भी बंद हो गई। जिला खाद्य विभाग की टीम का नेतृत्व डॉ. शामलाल महीवाल ने कार्यवाही करते हुए शहर की करियाना दुकान से हल्दी पाउडर, देसी घी और डेरी वाली गली में आईस फैक्टरी से तीला कुल्फी व फास्ट फूड से टोमैटो चटनी के सैंपल लिए। सैंपलों को सील कर के चंडीगढ़ लैब में भेजा जाएगा। वहां की रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्यवाही की जाएगी। जब तक बाजार में सैंपल टीम के अधिकारी और कर्मचारी रहे। तब तक दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। जिला खाद्य विभाग की टीम के छापे के बाद दुकानदारों द्वारा दुकानें बंद करने से यह साफ हो जाता है कि जरूर इन की दुकानों पर भी मिलावटखोरी का धंधा चल रहा है। यदि दुकानदार असली और ईमानदारी से सामान बेचते तो इन्हें दुकानें बंद करने की नौबत ही नहीं आती।
दुकानदारों को दी सफाई रखने की नसीहत
छापे के दौरान खाद्य विभाग के अधिकारियों ने दुकानदारों को मौके पर ही साफ-सफाई रखने की हिदायत दी। यदि भविष्य में दोबारा ऐसी कमियां मिली तो सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। डॉ. शाम लाल महीवाल ने बताया कि यह छापा अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। किसी भी समय करियाना, मिठाईयों की दुकानों पर भी कार्यवाही की जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि गंदे तरीके से बनाए गई मिठाईयां, जूस, सड़े-कटे फल व सब्जियां का सेवन न करे। क्योंकि इन गंदी चीजों का सेवन करने से उल्टी, दस्त व हैजा इत्यादि की बीमारी होने की आशंका बनी रहती है।