अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। फतेहाबाद पुलिस को 9 लोगों की तलाश है और इसके लिए पुलिस ने इश्तिहार निकलवा कर दस हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। गौर करने वाली बात ये है कि इन गायब हुए 9 लोगों में से छह लोग डेरा सच्चा सौदा में सत्संग सुनने के लिए घर से निकले थे और फिर कभी वापस नहीं लौटे। खुद डीएसपी रविंद्र तोमर ने इसकी पुष्टि की है। डीएसपी तोमर ने इन 9 लापता लोगों के बारे में जानकारी देने के लिए लोगों से आह्वान भी किया है। फतेहाबाद पुलिस ने इनकी सूचना देने के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 01667-230012 भी जारी कर दिया है।
लापता लोग फतेहाबाद, हिसार, रोहतक व राजस्थान के
पुलिस विभाग द्वारा जारी लापता 9 लोगों की सूची में छह लोग ऐसे हैं, जो डेरा सच्चा सौदा में सत्संग सुनने डेरा सच्चा सौदा पहुंचे थे। इनमें महेंद्रगढ़ निवासी साधुराम, रोहतक के कलानौर निवासी जगदीश पुत्र प्रताप, छिंद्रपाल कौर पत्नी सुखदेव निवासी गंगानगर 29 अप्रैल 2012 , मोतीलाल पुत्र श्रवण राम निवासी दोसा राजस्थान 30 मार्च 2009, प्रियंका पत्नी रमेश कुमार, बरवाला- हिसार 29 अप्रैल 2011 तथा फतेहाबाद के गांव भिरडाना निवासी लाली उर्फ संतोष पुत्री प्रकाश चंद्र 2 मई 2011 को घर से डेरा सच्चा सौदा के लिए निकले थे। लेकिन डेरा पहुंचने के बाद वापस नहीं लौटे।
बाकी बचे तीन में से भी दो सिरसा के रहने वाले, दोनों के रूट डेरा के आसपास के
फतेहाबाद पुलिस ने जिन 9 लापता लोगों के इश्तिहार जारी किए हैं। उनमें छह के बारे में तो बकायदा औपचारिक रूप से लिखा गया है कि ये सभी लोग डेरा सच्चा सौदा से गायब हुए हैं। इसके अलावा इस सूची में दो और लोग भी ऐसे हैं जो सिरसा के रहने वाले हैं और उनका रूट डेरा सच्चा सौदा के आसपास का है। इनमें राजेंद्र पुत्र ओमप्रकाश निवासी कीर्ति नगर और जितेंद्र उर्फ गोरा पुत्र हरमीत सिंह निवासी नेजा डेलाकलां का रहने वाला है। राजेंद्र की सिरसा शहर में स्टेशनरी की दुकान है और जितेंद्र की बरनाला रोड पर मोबाइल दुकान है। दोनों ही घर से दुकान जाने के लिए निकले थे, लेकिन कभी वापस नहीं लौटे।
टोहाना की लापता वीना रानी की सूचना के लिए भी इनाम घोषित
टोहाना से डेढ़ साल से लापता विवाहिता वीना रानी की सूचना देने पर भी फतेहाबाद पुलिस ने दस हजार का इनाम रखा है। टोहाना के आजाद नगर निवासी वीना रानी 27 जुलाई 2016 से लापता है। इस संदर्भ में फतेहाबाद निवासी उनके मायके वाले और ससुराल के बीच विवाद भी जारी है। वीना रानी के भाई और उनके मायके के परिजन इस संदर्भ में कई बार पुलिस के उच्चाधिकारियों से भी मिल चुके हैं, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली है। 'मुख्यालय से 9 लोगों की सूची प्राप्त हुई है जिनकी तलाश के लिए दस हजार रुपये का इनाम रखा गया है। इनमें डेरा सच्चा सौदा में सत्संग सुनने गए छह लोग भी शामिल हैं। इन 9 लोगों की सूची में दो फतेहाबाद जिले के हैं और बाकी रोहतक, सिरसा, महेंद्रगढ़ और राजस्थान के निवासी हैं।’
रविंद्र तोमर, डीएसपी मुख्यालय, फतेहाबाद।
नगर परिषद कार्यालय पर पेट्रोल बम फैंकने का आरोपी रिमांड पर लिया
टोहाना। डेरा प्रकरण के दौरान 25 अगस्त को डेरामुखी गुरमीत सिंह को सीबीआई की कोर्ट द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद टोहाना नगर परिषद पर पेट्रोल बम से हमला करने के मामले में टोहाना पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे दो दिन के रिमांड पर पुलिस के हवाले कर दिया।
बता दें कि डेरामुखी को दोषी ठहराए जाने के बाद टोहाना के नगर परिषद कार्यालय के पास 25 अगस्त की शाम को बाइकों पर सवार युवक आए और नगर परिषद के गेट पर पेट्रोल बम से हमला बोल दिया था। अचानक उठी आग को देखकर कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने मिट्टी डालकर आग को बुझा दिया और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी जयप्रकाश निवासी कन्हड़ी को हिरासत में ले लिया था। इस संबंध में टोहाना पुलिस ने नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता की शिकायत पर अज्ञात लोगों पर धारा 144 का उल्लंघन करने, हत्या प्रयास, सरकारी संपत्ति को नुक्सान पहुंचाने व एक्सपलोसिव एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी थी। पुलिस ने इस संबंध में एक अन्य आरोपी सिमरजीत सिंह निवासी भाटिया नगर, टोहाना को काबू किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उसे दो दिन के रिमांड पर पुलिस के हवाले कर दिया।