बिजली अधिकारियों से मारपीट के आरोपी भाजपा नेता गोयल गिरफ्तार, जेल
कर्मचारियों ने भी दफ्तर परिसर में किया प्रदर्शन
अग्रोहा मेडिकल से ही गिरफ्तार किए गए भाजपा जिला सचिव
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
बिजली चोरी पकड़ने के मामले में बिजली निगम के अधिकारियों से मारपीट के मामले में बीजेपी जिला सचिव विजय गोयल को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कर बीजेपी नेता गोयल को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत हिसार भेज दिया। गिरफ्तारी में बीजेपी नेता बार-बार कैमरे से छिपने का प्रयास करते दिखे। एसएचओ सोमवीर ढाका ने भाजपा नेता गोयल की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। दूसरी ओर इस मारपीट के विरोध में बिजली कर्मचारियों ने भी मंगलवार को दफ्तर कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। हालांकि बिजली कर्मचारियों ने पुलिस की कार्यवाही पर संतोष जताया है।
सिटी एसएचओ सोमवीर ढाका ने भाजपा नेता विजय गोयल को मंगलवार को ही अग्रोहा मेडिकल से गिरफ्तार किया है। दूसरी ओर बीजेपी नेता के परिवार द्वारा दी गई शिकायत की जांच डीएसपी रविंद्र तोमर ने शुरू कर दी है। अगर जांच में कुछ तथ्य मिलते हैं तो बिजली निगम के अधिकारियों पर भी कार्यवाही हो सकती है। अभी तक की जांच से कुछ ऐसा होता दिख नहीं रहा। मंगलवार को सारा दिन भाजपा नेता की गिरफ्तारी और उनके वायरल वीडियो के बारे में शहर भर में चर्चाएं चलती रही, लेकिन बीजेपी के स्थानीय नेता इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। खुद बीजेपी जिलाध्यक्ष वेद फुलां ने भी फिलहाल इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने से इंकार करते हुए कहा कि वे फिलहाल मामले की पूरी जानकारी ले रहे हैं। पूरी जानकारी लेने के बाद ही वो इस मामले में कुछ कह सकेंगे।
सोमवार को बीजेपी नेता विजय गोयल के भट्ट रोड स्थित आवास पर बिजली चोरी की सूचना मिलने पर बिजली निगम के एसडीओ भजन सिंह कंबोज, मनोज जेई सहित कई कर्मचारियों की एक टीम जांच के लिए पहुंची थी वहीं उन्होंने मारपीट की। गोयल का आरोप था कि बिजली निगम वालों ने खुद उनके मीटर की सील तोड़ी और मीटर कनेक्शन काट दिया और इसका विरोध करने पर उसकी पत्नी के साथ बदसलूकी भी। इसके बाद पुलिस ने एसडीओ की शिकायत पर बीते दिन बीजेपी नेता विजय गोयल के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया था और मंगलवार को उनको गिरफ्तार भी कर लिया गया।
04एफ टीबीपी17 : गिरफ्तारी के बाद पुलिस वैन में मौजूद बीजेपी नेता विजय गोयल।
04एफटीबीपी18 : गिरफ्तारी के बाद कैमरे से बचने का प्रयास करते गोयल ।