घर में लगाई आग, सामान जलकर राख
अमर उजाला ब्यूरो
भट्टूकलां। गांव मेहूंवाला में रिश्ते के एक मामा ने अपनी भांजी के घर में मामूली कहासुनी के चलते आग लगा दी। जिससे उसका घरेलू सामान जल गया। भट्टूकलां थाना पुलिस ने इस संबंध में आरोपी के खिलाफ आगजनी करने के आरोप में केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में निर्मला देवी निवासी गांव मेहूंवाला ने बताया कि वह फतेहाबाद के एक निजी स्कूल में नौकरी करती है। उसके रिश्ते का मामा श्रवण निवासी राजस्थान गांव के एक जमींदार के खेत में काश्त करता है। उसने बताया कि उसका मामा अकसर उसके घर आता जाता रहता था और कई बार रात को रुक भी जाता था। गत रात्रि उसका मामा श्रवण घर आया हुआ था और किसी घरेलू बात को लेकर उनमें कहासुनी हो गई। इसके बाद वह अपने पड़ोस के मकान में आकर सो गई। आरोप है कि रात को उसके मामा ने उसके घर में आग लगा दी। सुबह जब वह घर गई तो घर का अधिकांश सामान जल गया था। भट्टूकलां थाना पुलिस श्रवण के खिलाफ केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।