बच्चों को छोड़ने को तैयार नहीं थी प्रेमिका, प्रेमी ने ईंट मारकर की थी हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
भट्टूकला। गांव सूलीखेड़ा में तीन नवंबर को खेत में मिले महिला के शव के मामले में हत्या का खुलासा हो गया है। मृतका की पहचान बिहार निवासी जुवैदा (30) के रूप में हुई है। मृतका के प्रेमी मुस्ताक ने खुलासा किया कि प्रेमिका मरे साथ रहने के लिए अपने पति के तीन बच्चों को भी रखने की जिद कर रही थी। इसी के चलते उसकी ईंट से कुचलकर हत्या कर दी।
पुलिस पूछताछ में मुस्ताक (35) ने बताया कि वह बिहार के अहररिया जिले के गांव पेकरार निवासी है। वह सिरसा जिले के गांव रोड़ी में एक फैक्ट्री में मजदूरी का कार्य करता है। उसके साथ बिहार की ही महिला जुवेदा कुछ समय से लिव इन रिलेशनशिप में रहती थी। जुवैदा की उसी के गांव के मोबिल (60) के साथ शादी हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। पिछले कुछ समय से जुवेदा मुश्ताक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहती थी। आरोपी मुश्ताक ने खुलासा किया कि उसने जुवेदा से बच्चों को छोड़ने के लिए कहा कि था। वह बच्चों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थी। 31 अक्तूबर को रेलगाड़ी में सवार होकर तीनों बच्चों सहित वह भट्टूकलां आ गया था। मुस्ताक ने बताया कि भट्टू के पास एक पेड़ के नीचे तीनों बच्चों और जुवेदा को सुला दिया था।
रेलवे लाइन के पास दबा दिया था शव
बच्चों को नींद आते ही उसने ईंट से जुवेदा के सिर में चोट मार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को रेलवे लाइन के समीप बने गड्ढे में दबा दिया था। तीन नवंबर को कुत्तों ने महिला के शव को बाहर निकाल लिया। किसानों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। बाद में मृतक महिला के गले में पड़े लोकेट से उसकी पहचान हुई। पुलिस ने पिछले दिनों भट्टू स्टेशन पर मिले बच्चों के गले में उसी तरह का लोकेट देखकर उसकी पहचान की। जांच टीम को लॉकेट के रूप में मिले सुराग से आरोपी तक पहुंचने में कामयाबी मिली।
मुस्ताक ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसी ने ही अपनी प्रेमिका जुवेदा की ईंट मारकर हत्या कर उसके शव को खेतों में छिपा दी थी। मुस्ताक ने हत्या की वजह जुवेदा द्वारा अपने तीनों बच्चों को साथ रखने की जिद को बताया है।
सुरेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, भट्टू ।