फतेहाबाद। दिवाली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए बिजली निगम ने लाइनों और उपकरणों की मरम्मत शुरू कर दी है। शनिवार को मरम्मत कार्य के चलते शहर और बड़ोपल उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति सुबह सात बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक बंद रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहरी बिजली उपमंडल की ओर से किए गए कार्य के दौरान बिजली की ढीली तारों को कसा गया। इसके साथ ही बिजलीघर में स्थापित 220 केवी के मुख्य ट्रांसफार्मर की सर्विस भी की गई। निगम का उद्देश्य त्योहार के दौरान बिजली व्यवस्था सुचारू रखना है।
दिवाली पर घरों, बाजारों और प्रतिष्ठानों में बिजली की खपत बढ़ जाती है। इसे देखते हुए निगम पहले से ही बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों की जांच व मरम्मत कर रहा है ताकि त्योहार के समय आपूर्ति में बाधा न आए।
इन इलाकों में प्रभावित रही बिजली आपूर्ति
मरम्मत कार्य के चलते शहर के सिरसा रोड, हिसार रोड, एसबीआई रोड, जवाहर चौक, लघु सचिवालय, नागरिक अस्पताल, योग नगर, मॉडल टाउन, रतिया चुंगी और भाटिया कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। सुबह से ही बिजली बंद होने के कारण घरेलू उपभोक्ताओं के साथ दुकानदारों और अन्य संस्थानों को भी परेशानी हुई। हालांकि निगम की ओर से पहले ही बिजली बंद रखने की सूचना दी गई थी, ताकि उपभोक्ता अपने जरूरी काम समय रहते निपटा सकें।
जनरेटर के सहारे चली अस्पताल की व्यवस्था
मरम्मत कार्य के चलते नागरिक अस्पताल की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। ऐसे में अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं और जरूरी व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए जनरेटर की सहायता ली गई। जनरेटर के माध्यम से अस्पताल में आवश्यक कार्य जारी रखे गए ताकि बिजली बंद रहने के दौरान मरीजों और स्वास्थ्य सेवाओं पर इसका अधिक असर न पड़े।
दिवाली पर निर्बाध आपूर्ति देने की तैयारी
भोडियाखेड़ा के 220 केवी के जेई अमित कुमार ने बताया कि बिजली निगम की ओर से दिवाली से पहले मरम्मत कार्य करवाने का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दिन उपभोक्ताओं को बिना किसी रुकावट के बिजली उपलब्ध करवाना है। निगम के कर्मचारी बिजली लाइनों, ढीली तारों और ट्रांसफार्मरों की जांच कर उन्हें दुरुस्त करने में जुटे हैं। दिवाली के दौरान घरों और बाजारों में रोशनी के लिए बिजली की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में निगम की कोशिश है कि समय रहते सभी जरूरी मरम्मत कार्य पूरे कर लिए जाएं जिससे त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना न करना पड़े।
:: बिजली निगम की ओर से मरम्मत कार्य किया गया है। जिसमें मुख्य ट्रांसफार्मरों में तेल बदलने सहित सर्विस का कार्य किया गया है।
- रविंद्र कुमार, एसडीओ शहरी उपमंडल, बिजली वितरण निगम, फतेहाबाद।