फतेहाबाद। कोरोना सैंपलिंग जिले में 10 फीसदी से भी कम हो गई है। रविवार को जिले में 6 फीसदी ही सैंपल लिए गए। स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय ने डेढ़ हजार सैंपल रोजाना लेने के आदेश जारी कर रखे हैं, लेकिन रविवार को यहां पर मात्र 92 सैंपल लिए गए हैं। आरटीपीसीआर के मात्र 7 ही सैंपल लिए गए है। जिले में रविवार को कोरोना के 11 नए केस मिले और 64 संक्रमित रिकवर हुए।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को टोहाना शहर में 2, भट्टूकलां में 4, बड़ोपल और भूना में 2-2, जाखल में एक नया केस मिला है। रविवार को जिले में संक्रमण दर 11.96 फीसदी रही। रिकवरी रेट जिले में 96.73 फीसदी पहुंच चुका है। कोरोना की पहली से तीसरी लहर तक जिले में 496 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
ओपीडी के सहारे कोरोना सैंपलिंग
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिले में रेंडम सैंपलिंग नहीं हो रही है। फील्ड में कोरोना के सैंपल नहीं लिए जा रहे हैं। नागरिक अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी पर ओपीडी में आने वाले मरीजों के ही कोरोना के सैंपल लिए जा रहे हैं।
अस्पताल में दो ही संक्रमित दाखिल
जिले में एक्टिव केसों की संख्या 152 रह गई है। इसमें 2 संक्रमित अस्पताल में दाखिल है और 150 होम आइसोलेट है। कोरोना की तीसरी लहर में जिले में 12 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
कोरोना के रविवार को कम सैंपल लिए गए हैं। सीएचसी और पीएचसी पर सैंपल नहीं लिए गए। सोमवार को जिले में कोरोना सैंपलिंग बढ़ाई जाएगी। आरटीपीसीआर और रेपिड एंटीजन दोनों ही सैंपल जिले में बढ़ाए जाएंगे।
- मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन।