फतेहाबाद के शक्ति नगर मोहल्ले में मरम्मत कार्य करते बिजली कर्मचारी।
फतेहाबाद। जिले में दिवाली पर्व को लेकर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध करवाने के लिए निगम प्रबंधन ने मरम्मत कार्य तेज कर दिया है। शहर में बिजली ट्रांसफार्मरों पर लगे फ्यूज, फेज और कंडक्टर आदि की जांच की जा रही है। दिवाली पर्व पर उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली मिलेगी।
बिजली निगम का दावा है कि दिवाली पर उपभोक्ताओं को बिजली के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। व्यवस्था सुचारु रखने के लिए सभी तैयारियां की जा रही है। दिवाली के त्योहार को प्रकाश का पर्व माना जाता है, ऐसे में लोग अपने घरों, दुकानों और दफ्तरों को आकर्षक ढंग से सजाते हैं। इसलिए 30 अक्तूबर से दो नवंबर तक के लिए बिजली निगम 24 घंटे बिना किसी बाधा के देने की तैयारी में जुटा हुआ है।
इन 4-5 दिनों में रंग-बिरंगी लाइटों के जलने से बिजली की लाइनों पर लोड बढ़ेगा। इसका असर बिजली आपूर्ति पर नहीं पड़े, इसके लिए मरम्मत की जा रही है। निगम ने ट्रांसफार्मर, बिजली लाइनों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। इसके साथ ही लाइनों के इंसुलेटर भी सही किए जा रहे हैं। इनके टूटने पर बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। पर्व के दिनों में किसी भी व्यवधान को दूर करने के लिए अधिकारियों, कर्मियों की ड्यूटियां भी निर्धारित कर दी गई हैं।
:: दिवाली पर्व के मौके पर बिना बाधा के बिजली आपूर्ति दी जाएगी। इसके लिए सभी तैयारियां चल रही है। पर्व से पहले सभी कार्य निपटा लिए जाएंगे। ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े।
-रविंद्र, एसडीओ, शहरी उपमंडल, बिजली निगम, फतेहाबाद।