समैन। गांव समैन में हाइवे किनारे पुलिया का निर्माण करते मजदूर। संवाद
समैन। गांव समैन में नेशनल हाईवे-148बी के किनारे नाले पर अधूरी पड़ी पुलिया का निर्माण फिर शुरू हो गया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के ठेकेदार ने पुलिया का बचा हुआ काम शुरू किया है।
ग्रामीण राजबीर सिंह, सतविंदर गिल, हंसराज और प्रदीप ने बताया कि कुछ महीने पहले हाईवे की नई सड़क बनाई गई थी। इसी दौरान गांव की मुख्य गली के किनारे बने नाले पर पुलिया का निर्माण भी हुआ था। ठेकेदार ने पुलिया का आधा काम पूरा किया और बाकी हिस्सा अधूरा छोड़ दिया।
अधूरी पुलिया से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती थी। बारिश के दिनों में नाले का पानी गली में भर जाता था। इससे राहगीरों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ती थी। ग्रामीणों ने पुलिया का निर्माण पूरा करवाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायत दी थी।
अब निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की उम्मीद जताई है। ग्रामीण राजबीर ने बताया कि पुलिया के निर्माण में हल्की निर्माण सामग्री इस्तेमाल की जा रही है। इसके बावजूद अधूरा काम पूरा होने से समस्या कम होने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के जेई अंकुश ने बताया कि पुलिया का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के ठेकेदार से करवाया जा रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद नाले के पानी की निकासी बेहतर होने और आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।