फतेहाबाद में पपीहा पार्क के बाहर बनाई जा रही स्टेज।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा वीरवार दोपहर तीन बजे के बाद फतेहाबाद जिले में प्रवेश करेगी और पहले स्वागत प्वाइंट सनियाना में ही मुख्यमंत्री का पहला संबोधन होगा। इसके बाद वाया पिरथला से होते हुए मुख्यमंत्री की यात्रा टोहाना शहर में प्रवेश करेगी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला भी इस दौरान उनके साथ रहेंगे। वीरवार को सीएम मनोहर लाल की यात्रा का आखिरी स्टापेज फतेहाबाद शहर में पपीहा पार्क होगा। अगर सीएम का काफिला सही समय पर पहुंचे तो सात बजे पपीहा पार्क के बाहर रैली रखी गई है। हालांकि बीजेपी एवं प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो रैली स्थल तक पहुंचने में सीएम को रात नौ से दस बज सकते हैं।
बीजेपी टिकट के लिए एक अनार-सौ बीमार वाली स्थिति
फतेहाबाद विधानसभा में इस बार बीजेपी टिकट के लिए एक अनार-सौ बीमार वाली स्थिति हो चली है। बीजेपी पन्ना प्रमुख प्रदेश संयोजक भारत भूषण मिड्डा, जिलाध्यक्ष वेद फुलां, पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया सरीखे कुल 14-15 दावेदार इस बार बीजेपी टिकट के लिए दावा जता रहे हैं। इसके चलते पूरे शहर को बीजेपी नेताओं ने जन आशीर्वाद यात्रा के होर्डिंग्स से लाद दिया है। ये माना जा रहा है कि बीजेपी हाईकमान ने टिकट के दावेदारों को अंतिम मौका दिया है कि वो विस चुनावों के ऐलान से पहले आखिरी बार अपनी ताकत दिखा लें।
प्रत्येक प्वाइंट पर तैनात होगा डीएसपी
सीएम मनोहर लाल की यात्रा को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने तैयारियां कर ली हैं। सुरक्षा को लेकर बुधवार को भी सारा दिन पुलिस के आला अधिकारी बैठकें करते रहे। एसपी विजय प्रताप सिंह के अनुसार मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान साढ़े चार सौ पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा आठ नाके लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्वागत प्वाइंट की जिम्मेदारी एक डीएसपी रैंक का अधिकारी करेगा। इसके अलावा प्रत्येक शहर का एसएचओ भी अपनी टीम के साथ यात्रा के साथ-साथ चलेगा।
शुक्रवार सुबह दुर्गा मंदिर में करेंगे पूजा
वीरवार रात पपीहा पार्क के बाहर रैली को संबोधित करने के बाद सीएम मनोहर लाल का रात्रि प्रवास फतेहाबाद शहर में भूना रोड स्थित रेस्ट हाउस में होगा। इसके बाद शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे स्थित दुर्गा मंदिर पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद सीएम मनोहर लाल वापिस रेस्ट हाउस में जाकर लगभग 12 परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इस बार लोगों को उम्मीद थी कि बस स्टैंड की नई इमारत का शुभारंभ हो जाएगा लेकिन वो सीएम की सूची में इस बार नहीं है। ऐसे में चुनाव के बाद ही अब बस स्टैंड का शुभारंभ होगा।