फतेहाबाद की लाल बत्ती चौक पर बुलेट बाइक सवार का चालान काटते पुलिसकर्मी।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। नये व्हीकल एक्ट का फतेहाबाद में भी सख्ती से पालन होने लगा है। नए ट्रैफिक नियमों के तहत गुरुग्राम व कैथल में भारी भरकम चालान कटने का सिलसिला अब फतेहाबाद में आ पहुंचा है। बुधवार को स्थानीय ट्रैफिक पुलिस ने बुलेट बाइक का साइलेंसर बदलकर उससे पटाखे बजाने और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन युवकों के भारी-भरकम चालान काट दिए। पुलिस ने तीन बाइक सवारों को साढ़े 17-साढ़े 17 हजार रुपये का चालान किया है। फतेहाबाद में मोटरसाइकिल का इतना भारी भरकम चालान पहले नहीं काटा गया था।
इस बारे में ट्रैफिक इंचार्ज हेतराम ने बताया कि तीनों युवक अपने बुलेट मोटरसाइकिल का साइलेंसर बदलकर तेज आवाज में पटाखे बजा रहे थे। जिसके बाद उनके चालान काटे गए हैं। मोटरसाइकिल के कागजात जब्त कर लिए गए हैं। अब इन युवकों के द्वारा चालान भरने के बाद मोटरसाइकिल पर ओरिजिनल साइलेंसर लगाकर ट्रैफिक पुलिस को नहीं दिखाया जाता। तब तक कागजात ट्रैफिक पुलिस के कब्जे में ही रहेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार इसमें जिस युवक गुरूमुख सिंह निवासी सिरसा का चालान काटा गया है, वह उसकी खुद की बाइक नहीं थी। कागजात के अनुसार बाइक पंजाब के मानसा निवासी कुलविंदर सिंह की है। वह किसी काम से फतेहाबाद आया हुआ था और इस दौरान उसकी बाइक से दो तीन पटाखे बजे तो वो ट्रैफिक पुलिस के निशाने पर आ गया। इसके अलावा एक अन्य बुलेट सवार की बाइक पर रजिस्ट्रेशन नंबर तक नहीं लिखा हुआ था।
लोग भी होने लगे सचेत
ट्रैफिक इंचार्ज हेतराम ने बताया कि नए नियमों के बाद अब लोग खुद सचेत होते नजर आ रहे हैं। ज्यादातर लोग गाड़ी की सीट बेल्ट लगा रहे हैं और दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का इस्तेमाल करने लगे हैं। वहीं बीते 4 दिनों में ओवरस्पीड के भी मात्र दो ही चालान हुए है। इससे प्रतीत हो रहा है कि लोग अब भारी चालान के डर से ट्रैफिक नियमों का पालन सही ढंग से कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की ओर से लोगों को जागरूक करने की मुहिम भी लगातार जारी रहेगी। उधर ट्रैफिक पुलिस द्वारा साढ़े 17 हजार रुपये के तीन चालान काटने के बाद ये खबर स्थानीय सोशल मीडिया में एकदम से वायरल हो गई और लोग इसके चटकारे लेते हुए इसे एक ग्रुप से दूसरे व्हाट्सएप ग्रुप में भेजने लगे।