रैली में भाषण देते ही स्वास्थ्य मंत्री डॉ.कमल गुप्ता ने सीधे राहुल गांधी पर जुबानी हमला बोला। डॉ.गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी आज देश में भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। मगर कोई इससे पूछे कि तुम्हारे बाप-दादा ने तो देश को तोड़ने का काम किया है, कौन सा देश जोड़ने की बात कर रहे हो। इसकी मां सोनिया गांधी, राजीव गांधी, इंदिरा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, मोतीलाल नेहरू ने देश को तोड़ने का काम किया। हिंदुस्तान को तोड़कर पाकिस्तान बनवाया, बांग्लादेश बनवाया। चीन ने कब्जा कर लिया। कश्मीर में धारा 370 लगाई। नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर चीन और पाकिस्तान के कब्जे का देश का हिस्सा भारत का होगा।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से डरी हुई है। इसलिए आज अपने उम्मीदवार घोषित नहीं कर पा रही है। अब तो भाजपा के उम्मीदवार बदलने का भ्रामक प्रचार भी करने लगी है। भाजपा ने एक राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के रूप में दे दिया है, दूसरा सांसद लोकसभा से अशोक तंवर को बनाना है। कार्यकर्ताओं को किसी भी प्रकार के बहकावे में नहीं आना है।
सिरसा लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ.अशोक तंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की सरकार ने देश को आगे ले जाने का काम किया है। हरियाणा के मजदूर, किसान, कर्मचारी, नौजवान, माताओं व बहनों सहित हर वर्ग के लिए सरकार ने काम किया है और उसे जमीन पर उतारा है। बहुत से लोगों को मौका मिला, लेकिन उन्होंने काम नहीं किया।
मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी नीयत के साथ गरीब का जीवन स्तर ऊंचा उठाने का काम किया। उनके खातों में सीधे पैसे पहुंचाए व किसानों को पूरा सहयोग दिया। प्रधानमंत्री के त्याग, तपस्या और संघर्ष को फलीभूत करने का समय आया है। बाबा साहब डॉ.भीमराव आंबेडकर ने सभी को वोट का अधिकार दिया है। सभी अपने मत का सही इस्तेमाल करें।