नागरिक अस्पताल में बिजली गुल होने पर मोबाइल की टॉर्च जलाकर मरीजों की जांच करते विशेषज्ञ।
फतेहाबाद। बारिश ने नागरिक अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। छत पर पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण सोमवार को बिजली पैनल में पानी घुस गया, जिससे तीन प्रमुख ओपीडी की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। परिणामस्वरूप एनसीडी क्लीनिक की ओपीडी शेड के नीचे लगाई गई। वहीं, नेत्र रोग विशेषज्ञ और मनोचिकित्सक को मोबाइल टॉर्च की रोशनी में मरीजों की जांच की। ब्लड सैंपल कक्ष में भी अंधेरा होने के कारण कर्मचारियों को कठिनाई झेलनी पड़ी। उल्लेखनीय है कि इन ओपीडी में रोजाना 150 से 200 मरीज उपचार के लिए आते हैं।
अस्पताल में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से सुंदरीकरण कार्य चल रहा है, जिसमें दो करोड़ की बिजली से जुड़ी मरम्मत भी शामिल है। पिछले 20 दिनों से चल रहे इस कार्य के चलते डेंटल, सर्जन, ईएनटी और आर्थो जैसी ओपीडी अस्थायी रूप से अन्य स्थानों पर शिफ्ट की जा चुकी हैं। एसएमओ कार्यालय भी अस्थायी रूप से सीएमओ कोठी में संचालित हो रहा है। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि 15 सितंबर तक ग्राउंड फ्लोर का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल बार-बार हो रही बारिश ने निर्माण की गुणवत्ता और योजना की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
-
अस्पताल परिसर में बने बिजली पैनल में पानी जाने से सप्लाई बंद की गई है। अस्पताल में सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है, इसके चलते कुछ समस्या आ रही है। जल्द ही मरीजों को बेहतर व्यवस्था मिलेगी। - डॉ. बुधराम, एसएमओ, नागरिक अस्पताल