फतेहाबाद। नगर परिषद पार्षदों की बैठक मंगलवार को सुबह 11 होगी। इसमें 12 मुद्दे रखे जाएंगे। बैठक में नवनिर्वाचित विधायक दुड़ाराम भी शिरकत करेंगे। बैठक में रखे जाने वाले मुद्दों में से 5 मुद्दे शहर के अंदर सड़कों पर मास्टिक सड़कों की परत से मरम्मत करने की अनुमति लेने के हैं। इसके अलावा ट्रैफिक लाइट ठीक करने, पार्कों में ओपन एअर जिम एवं झूले लगाने की मांग भी प्रमुख हैं।
इसके अलावा सबसे आखिर मुद्दे के रूप में सभी वार्डों के पार्षद अपने-अपने वार्ड की समस्याएं भी इस बैठक में रखकर उसका समाधान मांग सकते हैं। मंगलवार सुबह होने वाली इस बैठक पर सबकी निगाहें लगी रहेंगी क्योंकि अभी तक फतेहाबाद में भाजपा विधायक न होने के चलते भाजपा जिला कार्यालय से ही पार्षदों व अध्यक्ष को जरूरी दिशा-निर्देश मिलते रहे हैं। लेकिन पांच सालों में पहली बार ऐसा होगा कि भाजपा का विधायक इस बैठक में शामिल होगा। ऐसे में ये भी संभावना जताई जा रही है कि नगर परिषद प्रशासन में अब जिला भाजपा कार्यालय की बजाए अनाजमंडी की दुकान नंबर 8 का दखल अधिक रहेगा।
इन मुद्दों पर विचार करेंगे नगर परिषद के पार्षद
1. ताऊ देवी लाल मार्केट, जीटी रोड एवं खेमाखाती रोड पर थिक मास्टिक रोड की परत से मजबूती देने का काम
2. विजय चौधरी की कोठी से आशीर्वाद पैलेस होते हुए सिटी नर्सिंग रोड पर पर थिक मास्टिक रोड की परत से मजबूती देने का काम
3. हैरीटेज पार्क से जवाहर चौक होते हुए बीघड़ चौक एवं तहसील चौक से तुलसी दास चौक होते हुए मल्टीलेवल पार्केंग पर थिक मास्टिक रोड की परत से मजबूती देने का काम
4. लाल बत्ती चौक से डीएसपी रोड होते हुए अरोड़वंश चौक तक पर थिक मास्टिक रोड की परत से मजबूती देने का काम
5. साईं धर्मकांटा से चंद्र बतरा के निवास एवं जीटी रोड पर थिक मास्टिक रोड की परत से मजबूती देने का काम
6. विभिन्न पार्कों में ओपन जिम की मंजूरी
7. सभी पार्कों में झूले लगाने की मंजूरी
8. लाल बत्ती चौक पर ट्रैफिक लाइट की मरम्मत
9. चिल्ली झील पर डिस्पोजल वाटर प्लांट की मंजूरी
10. वार्ड एक से लेकर 25 तक के पार्षदों की मांग अनुसार
11. पार्कों के रखरखाव के टेंडर आमंत्रित करने की मंजूरी
12. नप अध्यक्ष की अनुमति से
वर्जन
शहर के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं और इसके लिए नगर परिषद अध्यक्ष, पार्षदों और अधिकारियों को साथ लेकर शहर के विकास के लिए प्लानिंग करेंगे। बैठक में शामिल होने के लिए उत्साहित हूं।
- दुड़ाराम, विधायक, फतेहाबाद।