भट्टू कलां। गांव पीलीमंदोरी में गायब दो बच्चों के मामले में पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर रिश्ते में चाची लगने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि चाची ने दोनों बच्चों घर में जबरदस्ती छिपाया था।
बता दें कि रविवार शाम को पीलीमंदोरी से 14 व 15 वर्ष के दो बच्चे गायब हो गए। जब सोमवार सुबह 10 बजे तक उनका कोई भी सुराग नहीं लगा तो सोमवार सुबह पुलिस डॉग स्क्वायड के साथ इन बच्चों के घर पहुंची। यहां बच्चों के कपड़े डॉग स्क्वायड टीम के खोजी कुत्तों को सुंघाए गए। इन कपड़ों को सुंघने के बाद कुत्ते चाची के घर की ओर दौड़ पड़े।
इसके बाद पुलिस ने विनोद के घर से कमरे में रखे नरमे के ढेर में छिपे उक्त बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस इस मामले के तह तक तब पहुंची जब बच्चों की काउंसिलिंग के दौरान पता चला कि उक्त घर में विनोद की पत्नी सुनीता जो बच्चों के रिश्ते में चाची लगती है ने छिपा रखा था। इस पर पुलिस ने इस मामले में उक्त महिला को मंगलवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
-
सवालों के घेरे में आरोपी चाची
इस मामले में सवाल यह उठता है कि आखिर महिला ने उन्हें क्यों छिपा कर रखा। हालांकि पुलिस अभी कुछ भी जानकारी देने से बच रही है। थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।