पंजीकृत गोशालाओं के लिए अनुदान राशि के चेक वितरित करते विधायक दुड़ाराम।
भट्टू कलां। प्रदेश सरकार द्वारा गो सेवा आयोग से पंजीकृत गोशालाओं को चारा खरीद के लिए दूसरी किस्त प्रदान की गई है। इसके तहत फतेहाबाद विधानसभा की 40 गोशालाओं को एक करोड़ 60 लाख रुपये रुपये जारी किए गए हैं।
मकर संक्रांति पर्व पर हुए समारोह में फतेहाबाद व भूना खंड की 23 गोशालाओं को गांव धांगड़ की गोशाला व भट्टू कलां ब्लॉक की 17 गोशालाओं को भट्टू कलां गोशाला में विधायक दुड़ाराम ने चेक वितरित किए। विधायक दुड़ाराम ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा चारा खरीद के लिए बजट बढ़ा कर दिया गया है। जल्द ही गोशालाओं के सहयोग के लिए चारा खरीद के अनुदान की एक ओर किस्त जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गो सेवा को लेकर सजग है। सरकार द्वारा गो सेवा आयोग के बजट में दस गुणा बढ़ोतरी की गई है, जो बढ़कर 400 करोड़ रुपये हो गया है। प्रदेशभर की गोशालाओं के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि वितरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमें गो धन को बचाने के लिए उसकी उपयोगिता को बढ़ाना होगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, पंकज पसरीजा, पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. सुखविंद्र सिंह सहित सभी गोशालाओं के प्रधान व कमेटी सदस्य मौजूद रहे।