फतेहाबाद। शहर के रिहायशी क्षेत्र एमसी कॉलोनी और भट्ठा कॉलोनी की गलियाें अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। दुकानदारों ने गलियों को अपने व्यावसायिक कार्यों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं जिससे आम नागरिकों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। कई बार इन गलियों से लोगों को पैदल गुजरने के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती।
मोहल्लावासी जितेंद्र, विकास, गगनदीप और संदीप ने बताया कि दुकानदारों ने गलियों में बोरिंग की पाइपें, सरिया, पानी की टंकियां और अन्य सामान रख रखा है। इसके अलावा दिनभर माल से लदीं गाड़ियों की लोडिंग और अनलोडिंग भी गलियों में ही की जाती है। बड़े वाहनों के खड़े रहने के कारण घंटों तक रास्ता बाधित रहता है और वाहन चालकों को का गली से निकल पाना मुश्किल हो जाता है।
गली में बैठकर काम करते हैं मिस्त्री : स्थानीय निवासी अशोक कुमार ने बताया कि सुबह से शाम तक गलियों में व्यावसायिक गतिविधियां चलती रहती हैं। कई दुकानों के बाहर मिस्त्री बैठकर वेल्डिंग, मोटर रिपेयरिंग और अन्य तकनीकी कार्य करते हैं। इन कार्यों के दौरान उपकरण और मशीनें भी सड़क पर फैली रहती हैं जिससे रास्ता और संकरा हो जाता है।
वेल्डिंग के दौरान निकलने वाली चिंगारियां और धुआं लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। इसके बारे में नगर परिषद के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है।