संवाद न्यूज एजेंसी
टोहाना। नगर परिषद कार्यालय में पार्षदों की बजट बैठक मंगलवार को चेयरमैन नरेश बंसल की अध्यक्षता में हुई। इसमें वर्ष 2024-25 के लिए 39 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया। कई पार्षदों ने विकास कार्यों में भेदभाव तथा धीमी गति को लेकर हंगामा किया। उन्होंने हर महीने जनरल बैठक बुलाने की बात कही। अध्यक्ष बंसल ने कहा कि इसके लिए वे अधिकारियों को निर्देश भी देंगे।
बैठक में शहर में विकास कार्य के लिए करीब 25 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। करीब साढ़े चार करोड़ रुपये डोर टू डोर के चार्ज के तौर पर जनता से वसूल किए जाएंगे। बैठक के दौरान पार्षदों ने कहा कि डोर टू डोर टेंडर के ठेकेदार द्वारा सेग्रीगेशन का कार्य नहीं किया गया। इसलिए उनके बिल को पास न किया जाए।
:::::::::::::::::::::::
बैठक में ये मुद्दे उठाए गए
बैठक में अध्यक्ष नरेश बंसल के अलावा उपाध्यक्ष नीरू सैनी, ईओ संदीप सोलंकी, जेई मनोज कुमार, बीआई धर्मेंद्र यादव व लेखाकर प्रवीण कुमार मौजूद रहे। पार्षद रामकुमार सैनी ने कहा कि शहर में विकास कार्य में भेदभाव किया जा रहा है। पार्षद सुरेश कुमार व अशोक गर्ग ने कहा कि उनके द्वारा दिए गए विकास कार्य को काट दिया गया है। चेयरमैन ने कहा कि किसी भी वार्ड के विकास कार्य नहीं रोके गए। रामकुमार सैनी ने चेयरमैन से कहा कि परिषद की साधारण बैठक हर महीने बुलाई जाए, नगर परिषद में बिना पार्षदों की सहमति के अनेक गलत काम हो रहे हैं। अगर हाउस की मीटिंग होगी तो उसका विरोध जताया जाएगा।
ये होगा बजट का प्रारूप
नगर परिषद के पास 11.75 करोड़ रुपये पुराने वर्ष का बैलेंस है। इसके साथ ही 31.76 करोड़ रुपये आय होगी। इसमें से 4.80 करोड़ रुपये डेवलपमेंट चार्ज, स्क्रैप सेल 5.40 करोड़, रोड कॅट के तौर पर 3.10 करोड़ रुपये तथा डोर टू डोर कचरा चार्ज के तौर पर करीब 4.60 करोड़ रुपये वसूल किए जाएंगे। नगर परिषद के कुल आय में से 39.76 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा। 24.58 करोड़ रुपये विकास कार्य पर खर्च किए जाएंगे। खर्च के बाद नगर परिषद के पास 3.75 करोड़ रुपये का बैलेंस रहेगा।
विकास कार्य पर ऐसे होगा खर्च
नगर परिषद द्वारा शहर में विकास कार्य पर 24.58 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे सड़कों के निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपये, बिल्डिंग खरीद के लिए करीब 4 करोड़, 60 लाख रुपये से सामुदायिक केंद्र, 85 लाख रुपये से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा परिषद कार्यालय निर्माण के लिए 27 लाख रुपये, शौचालय निर्माण के लिए 55 लाख रुपये, 22 लाख रुपये से एंट्री गेट व 5.90 करोड़ रुपये मिसलेनियस खर्च के लिए रखे गए हैं। कर्मचारियों की सैलरी के लिए 7.94 करोड़ रुपये, लोन खर्च हेतु 9 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
नगर परिषद कार्यालय में हुई बजट मीटिंग में 39 करोड़ का बजट पास किया गया। इससे शहर के विकास कार्य करवाए जाएंगे। पार्षदों ने हर महीने साधारण बैठक रखने की बात कही है जिसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे। - नरेश बंसल, चेयरमैन नगर परिषद टोहाना।