रतिया में शव रखकर जाम लगाते ग्रामीण व परिजन।
- फोटो : Fatehabad
गांव हडोली के पास कार और बाइक की टक्कर में बाइक पर सवार जल्लोपुर गांव निवासी एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर कार चालक दादुपर निवासी प्रगट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। दोपहर को पोस्टमार्टम करने के बाद युवक रवि का शव गांव के अड्डे पर पहुंचा तो परिजनों व गांववासियों ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस दुर्घटना करने वाले चालक को बचाना चाहती है ।
गांववासी जब जाम लगा रहे थे तो मौके पर नागपूर चौकी इंचार्ज शादी राम पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने कि दुर्घटना में जिस कार का प्रयोग किया गया था उसे पुलिस ने बरामद कर लिया है और कार चलाने वाले प्रगट नामक व्यक्ति को भी काबू कर लिया है । लेकिन ग्रामीण नहीं माने और ग्रामीणों ने पुलिस के समक्ष ही आरोप लगाए की वह चालक प्रगट को जाम वाले स्थल पर लेकर आए व एफआईआर की कापी भी इसी जगह पर दी जाए। ग्रामीणों को काफी देर समझाने के बाद भी जब ग्रामीण जाम खोलने को लेकर नहीं माने तो जाम स्थल पर रतिया सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और उन्हें आश्वास्त किया की पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर ही मामला दर्ज किया है। उन्होंने मौके पर ही एफआईआर की कापी जाम लगा रहे ग्रामीणों को दिखाई व उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया जिसके बाद परिजनों व गांववासियों ने जाम खोला।
जानकारी अनुसार गांव जल्लोपुर निवासी रवि कुमार पुत्र पप्पू राम अपने साथी मुख्त्यार सिंह के साथ हड़ोली गांव की तरफ जा रहा था कि पीछे से आ रही एक कार ने उस को टक्कर मार दी। इस हादसे में रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मुख्त्यार सिंह घायल हो गया था। अभी कुछ समय पूर्व ही उसके घर पुत्री का जन्म हुआ था।