भट्टू गांव में खेत पड़ोसी से तंग होकर एक व्यक्ति ने सुसाइड कर लिया। पुलिस ने मृतक के पुत्र की शिकायत के आधार पर खेत पड़ोसी पिता व दो पुत्रों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मृतक का फतेहाबाद नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाकर शव उनके परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में भट्टूकलां निवासी राकेश ने बताया कि उनके खेत पड़ोसी खेत में अक्सर ही जुआ खेलते व शराब पीते थे। उसके पिता दलीप ने इस बारे भट्टू कलां थाना पुलिस में खेत पड़ोसी माडूराम के खिलाफ शिकायत की थी। इस शिकायत के बाद माडूराम व उसके दोनों लड़के दिनेश व मुकेश उनके परिवार से रंजिश रखने लगे। इस रंजिश के कारण वे लोग उसके पिता को बार- बार तंग व परेशान करने लगे। इनसे तंग व परेशान होकर उसके पिता करीब 50 वर्षीय दलीप ने जहरीला पदार्थ निकल कर आत्महत्या कर ली। शिकायत कर्ता ने बताया कि उसके पिता ने उन्हें सूचना देकर बताया कि वह माडूराम व उसके दोनों पुत्रों से तंग व मानसिक रूप से परेशान होकर कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया है। इस सूचना पर वे घटना स्थल पर पहुंचे। गंभीर हालत में उनके पिता दलीप को एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने पिता व दोनों पुत्रों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।