फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में मरीजों को लैब टेस्टिंग रिपोर्ट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। हालात यहां तक है कि दोपहर 1 बजे से पहले ही सैंपलिंग बंद की जा रही है। अस्पताल में लिए गए सैंपलों के जल्द जांच हो पाए और मरीजों को रिपोर्ट मिल सके। इसके चलते एक निजी कंपनी की तरफ से सितंबर माह के अंत में फुली बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन गिफ्ट की गई थी जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये है। इस मशीन की नागरिक अस्पताल प्रशासन बेकद्री कर रहा है।
वजह ये है कि करीब पांच माह बाद भी मशीन को डेमो के बाद शुरू ही नहीं किया गया है। अस्पताल प्रशासन मशीन के लिए सैंपल जांच किट ही नहीं खरीद पाया है। अगर मशीन शुरू होती है तो एक घंटे में करीब 40 सैंपलों की जांच हो पाएगी। फिलहाल अब एक घंटे में मात्र 20 से 25 सैंपलों की ही जांच हो पा रही है। नागरिक अस्पताल की लैब की तरफ से मशीन के जरिए होने वाले ब्लड शुगर, ब्लड यूरिया, आरएफटी, एलएफटी, लिपिड प्रोटीन आदि सैंपलों की जांच के लिए किट की डिमांड भी भेजी जा चुकी है। लेकिन हालात ये है कि किट खरीदी ही नहीं गई है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि किट खरीदने की पावर सीएमओ कार्यालय को है। उनके पास बजट नहीं है। संवाद
अस्पताल में रोजाना होते हैं 250 से 300 जांच
नागरिक अस्पताल में रोजाना 550 से 600 मरीजों की ओपीडी होती है। इसमें से डॉक्टर द्वारा 250 से 300 मरीजों के टेस्ट करवाए जाते हैं। अस्पताल में टेस्टिंग लोड ज्यादा होने और संसाधन कम होने के चलते मरीजों को रिपोर्ट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।
सीरिंज तक का अस्पताल में चल रहा था टोटा
नागरिक अस्पताल के सैंपल लेने के काउंटर पर सीरिंज तक का पिछले दिनों टोटा चल रहा था। ब्लड सैंपल लेने के लिए अस्पताल में सीरिज न होने पर सैंपलिंग ही रोक दी गई थी। मरीजों को खुद बाजार से लाकर सैंपल देने पड़ रहे थे। मामला उठने के बाद अस्पताल प्रशासन ने सीरिंज की खरीद की थी।
कोट
मशीन के लिए जांच किट की जरूरत है। इसकी डिमांड भेजी गई है। सीएमओ कार्यालय ने ही खरीद करनी है। बजट न होने के कारण दिक्कत आ रही है।
-डॉ. सुभाष, एसएमओ, नागरिक अस्पताल