हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया कस्बे में फतेहाबाद रोड पर ट्रैक्टर से टकराकर स्कूटी सवार युवती घायल हो गई। युवती द्वारा हेलमेट पहना होने के कारण उसकी जान बच गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि युवती का सिर जोर से जमीन पर जा लगा। आसपास के लोग तुरंत बचाने के लिए दौड़े। युवती को लोगों ने पास के ही अस्पताल पहुंचाया, जहां उसको प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
यह पूरी दुर्घटना एक दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार दोपहर को ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चालक रतिया की तरफ से फतेहाबाद की तरफ जा रहा था, जैसे ही वह सुखचैन माइनर से आगे निकला तो ट्रैक्टर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर लगने से ट्रैक्टर का एक टायर भी टूटकर अलग हो गया। जिस कारण काफी देर तक रतिया-फतेहाबाद स्टेट हाईवे अवरुद्ध रहा।
डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और दुकानों की तरफ मुड़ गया, इस दौरान पीछे से आ रही एक स्कूटी से ट्रैक्टर टकरा गया। इससे स्कूटी सवार युवती का सिर सड़क से टकरा गया और स्कूटी भी नीचे गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती ने हेलमेट पहना हुआ था, जिस कारण उसके सिर में गंभीर चोट नहीं आई।