कुलां। कुलां रतिया रोड पर गांव जापतेवाला (खेड़ा) बस स्टैंड के समीप शुक्रवार रात को कार और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर वहां से फरार हो गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
गांव मंघेडा निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि उसका भतीजा 36 वर्षीय मनोहर लाल शुक्रवार को अपनी पत्नी को छोड़ने रतिया के पास गांव में गया था। जहां पत्नी को छोड़ने के बाद मनोहर रात करीब 8 बजे अपनी बाइक पर सवार होकर अपने गांव को वापस आ रहा था। बताया जा रहा है कि रास्ते में जब वह रतिया मार्ग से अपने गांव की ओर जाने वाली सड़क पर मुड़ने लगा तो उसके पीछे से तेज गति से आ रही कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गया और मनोहर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक मनोहर लाल के चाचा महेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।