बुलेट का चालान करते हुए ट्रैफिक पुलिस टीम। पुलिस प्रवक्ता।
टोहाना/फतेहाबाद। ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। ट्रैफिक टीम ने एक बुलेट बाइक चालक पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 12,500 रुपये का जुर्माना लगाया है।
ट्रैफिक प्रभारी उप निरीक्षक धर्मचंद ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि बाइक का साइलेंसर मॉडिफाई किया गया था, वाहन का इंश्योरेंस वैध नहीं था और नंबर प्लेट में बदलाव किया गया था। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए चालक पर जुर्माना लगाने के कार्रवाई की गई है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे हमेशा ट्रैफिक नियमों का पालन करें। वाहन का इंश्योरेंस वैध रखें, नंबर प्लेट सही लगाएं और साइलेंसर व अन्य पार्ट्स कानूनी मानकों के अनुसार ही उपयोग करें।
वहीं फतेहाबाद पुलिस ने हाईवे पर डिवाइडर पार करते हुए खतरनाक तरीके से बाइक चलाने वाले चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस ने यह कार्रवाई वीडियो के आधार पर की है। यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक जय सिंह ने बताया कि चालक गलत तरीके से ड्राइविंग करते हुए रोड पार कर रहा था। इससे वहां कोई भी हादसा हो सकता था। इस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बाइक चालक का 5200 रुपये का चालान किया है।