कुलां। एसबीआई बैंक के बाहर आग बुझाने की जानकारी देते अग्निशमन कर्मचारी। संवाद
कुलां। धारसूल अग्निशमन विभाग की टीम ने शुक्रवार को कुलां स्थित बैंकों में मॉक ड्रिल कर अधिकारियों और कर्मचारियों को आग से बचाव के तरीकों की जानकारी दी। मुख्य अग्निशामक संदीप के नेतृत्व में टीम ने एसबीआई, यूनियन बैंक और ग्रामीण बैंक के कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान सभी बैंक कर्मचारियों को एसबीआई शाखा में एकत्रित कर अग्निशमन यंत्र चलाने का प्रशिक्षण दिया गया। संदीप ने बताया कि बैंक में आग लगने की स्थिति में कर्मचारियों को अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना देनी चाहिए ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।
उन्होंने कहा कि बैंकों में आग से बचाव के लिए लगाए गए उपकरणों की नियमित जांच करवाना जरूरी है। अग्निशमन यंत्रों की साल में कम से कम दो बार जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्र की पिन निकालकर उसका सही तरीके से इस्तेमाल करने की प्रक्रिया भी समझाई।
इस अवसर पर बैंक कर्मचारियों ने आग जलाकर अग्निशमन यंत्रों के इस्तेमाल का व्यावहारिक अभ्यास किया। मॉक ड्रिल के दौरान धारसूल अग्निशमन विभाग के फायरमैन अमरपाल, महेंद्र सिंह, दीपक और चालक भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे।