फतेहाबाद। जिलास्तरीय विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बैजलपुर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। ये टीम गुरुग्राम में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, फतेहाबाद में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), गुरुग्राम और जिला शिक्षा कार्यालय, फतेहाबाद के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें जिले के छह खंडों से एक-एक टीम ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर नाट्य प्रस्तुतियां देकर वैज्ञानिक तथ्यों, सामाजिक सरोकारों और दैनिक जीवन में विज्ञान की उपयोगिता को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अभिनय, संवाद और रचनात्मकता के माध्यम से वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल ढंग से समझाने का प्रयास किया।
निर्णायक मंडल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अयाल्की की पीजीटी जीव विज्ञान प्रियंका चौधरी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, किरढ़ान के पीजीटी रसायन विज्ञान विनोद सोनी और राजकीय उच्च विद्यालय, भोडिया खेड़ा के नाटक प्रशिक्षक संदीप कुमार शामिल रहे।
-
विज्ञान को रोचक तरीके से समझाने का माध्यम है नाटक
जिला विज्ञान विशेषज्ञ मुकेश मेहता ने कहा कि विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन और रचनात्मक अभिव्यक्ति विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। नाटक के जरिये जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल और रोचक तरीके से समझाया जा सकता है। कार्यक्रम के प्रभारी एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अहरवां के पीजीटी रसायन विज्ञान अंकित शर्मा ने भी प्रतिभागियों और मार्गदर्शक शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।