कुलां। सीसीटीवी कैमरे में कैद आरोपी। संवाद
कुलां। गांव में कुलां चौक के पास स्थित कन्फेक्शनरी से वीरवार सुबह 10 बजे नकदी से भरा बैग चोरी हो गया। जब दुकानदार मुकेश गर्ग उर्फ मेशी दुकान पर काम में व्यस्त थे और कुछ समय के लिए बाहर गए। इसी दौरान शातिर दुकान में घुसा और काउंटर पर रखा बैग उठा ले गया। बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये थे।
कुछ देर बाद जब दुकानदार लौटा और बैग नहीं मिला तो शोर मचाया। आसपास के व्यापारियों ने कुलां चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति बैग उठाते हुए नजर आया। पड़ोस की गली में लगे कैमरों में भी वही व्यक्ति नजर आया। फुटेज में नजर आ रहा है कि वह बैग से रुपये निकालकर अपनी जेबों में डाल रहा है। बाद में उसने बैग में करीब 15 हजार रुपये छोड़कर गली में फेंक दिया। रुपये चोरी की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
दुकानदार ने इस बारे में पुलिस को शिकायत दी है। कुलां चौकी प्रभारी जतिंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा हैं। जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-
:: बड़ी चतुराई से दिया घटना को अंजाम
दुकान मालिक मुकेश गर्ग के मुताबिक बैग चोरी होने से कुछ समय पहले ही उसने किसी से लेनदेन के सिलसिले में बैग खोला था। ऐसे में अनुमान है कि उसी वक्त चोर की नजर बैग में पड़े रुपयों पर पड़ गई। जिसके बाद उसने दुकान मालिक के कुछ मिनट के लिए दुकान के बाहर जाते ही चतुराई से बैग उठा लिया और वहां से भाग निकला। सीसीटीवी फुटेज में उक्त शख्स पहले दुकान के पास खड़ा नजर आता है।