शहर के जीटी रोड पर जलभराव से गुजरता वाहन
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। सावन माह में बारिश का खेल लगातार जारी है। पिछले पांच दिनों से बारिश होने के कारण जहां फतेहाबाद शहर के लोग जलभराव से परेशान दिखाई दिए, वहीं गांवों में खेतों में जलभराव होने के कारण नरमा उत्पादक किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें छा गई हैं। भट्टूकलां क्षेत्र में खेतों में जमकर जलभराव हुआ है, जिस कारण किसान अपनी डूबी फसल को देखकर काफी निराश हैं।
फतेहाबाद में शुक्रवार को दिनभर कभी तेज बारिश तो कभी हल्की बूंदाबांदी होती रही, जिससे शहर में जलभराव की स्थिति दिनभर रही। शहर के गुजर रहे नेशनल हाईवे पर जलभराव के कारण बार-बार जाम लगते रहे और वाहन चालक परेशान दिखाई दिए। बारिश के कारण शहर के शहर के जीटी रोड, नागरिक अस्पताल, पपीहा पार्क रोड, एमसी कॉलोनी, बीघड़ मोड़, बीघड़ रोड, धर्मशाला रोड, जवाहर चौक, सतीश कॉलोनी रोड सहित शहर के लगभग सभी हिस्से जलमग्न दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी बारिश की आशंका है। रविवार व सोमवार को आसमान में बादलवाही रहेगी और इसके बाद मौसम साफ रहेगा। फतेहाबाद में बारिश के बाद पारा भी काफी गिर गया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान जहां 30 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री आंका गया। वहीं फतेहाबाद हलके में शुक्रवार को 15 एमएम व जाखल में चार एमएम बारिश दर्ज की गई। अन्य क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी होती रही।